12.50 करोड़ की जीएसटी चोरी मामले में DGGI की कार्रवाई, रायपुर से पहुंची टीम ने आरोपियों से 8 घंटे की पूछताछ
युवक के घर से निकलती DGGI की टीम
वस्तु एवं सेवाकर विभाग की खुफिया इकाई (डीजीजीआई) की टीम ने सोमवार को उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के जलालाबाद क्षेत्र स्थित अतिवरा गांव में बड़ी कार्रवाई की. छत्तीसगढ़ के रायपुर से पहुंची अधिकारियों की टीम ने गांव निवासी अभिषेक पाठक के घर पर कई घंटों तक जांच की. बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई करीब 12.50 करोड़ रुपये की जीएसटी चोरी से जुड़े मामले में की गई है. जांच पूरी होने के बाद अधिकारी अभिषेक पाठक और उनकी कार को अपने साथ ले गए.
2015 में लड़ चुके हैं प्रधान पद का चुनाव
जानकारी के अनुसार, अभिषेक पाठक वर्ष 2015 में गांव के प्रधान पद का चुनाव भी लड़ चुके हैं. वह लंबे समय तक छत्तीसगढ़ में रहे और पिछले कुछ वर्षों से अपने परिवार के साथ गांव में निवास कर रहे थे. जांच एजेंसियों का आरोप है कि अभिषेक पाठक और रायपुर निवासी अमन सिंह ने कथित तौर पर फर्जी कंपनियों के माध्यम से जीएसटी चोरी को अंजाम दिया था.
पूछताछ में सामने आया नाम
इस मामले का खुलासा होने के बाद संबंधित एजेंसियों ने प्रकरण दर्ज किया था. शुरुआती जांच के दौरान अमन सिंह फरार हो गया था, लेकिन उसे मार्च महीने में गिरफ्तार कर लिया गया. पूछताछ में मिले इनपुट के आधार पर अभिषेक पाठक का नाम भी सामने आया. अधिकारियों ने उन्हें पूछताछ के लिए नोटिस भेजा था, लेकिन उनके उपस्थित न होने पर टीम ने सीधे उनके घर पहुंचकर कार्रवाई की.
आठ घंटे तक चली जांच
सोमवार सुबह शुरू हुई जांच के दौरान अधिकारियों ने घर के भीतर कई दस्तावेजों और अन्य पहलुओं की पड़ताल की. करीब आठ घंटे तक चली इस कार्रवाई के बाद टीम अभिषेक पाठक को अपने साथ लेकर रवाना हो गई. डीजीजीआई रायपुर के आयुक्त सुजीत मलिक ने बताया कि 12.50 करोड़ रुपये की जीएसटी चोरी के मामले में पहले ही एक आरोपी की गिरफ्तारी हो चुकी है और उसी जांच के क्रम में यह कार्रवाई की गई है. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस प्रकरण में अभिषेक पाठक के खिलाफ भी मामला दर्ज है.
ये भी पढे़ं- छत्तीसगढ़ पावर ट्रांसमिशन लाएगी IPO, प्रदेश की पहली सरकारी कंपनी होगी, शेयर मार्केट से पूंजी जुटाने की तैयारी