CG News: पोते को पहली बार देखने जा रही दादी को ट्रेलर ने कुचला, मौके पर मौत, ड्राइवर फरार

CG News: पुलिस के अनुसार, मृत महिला की पहचान डौंडीलोहारा के सोरली गांव निवासी 60 वर्षीय हेमिन बाई पटेल के रूप में हुई है. वह अपने देवर प्रहलाद पटेल के साथ स्कूटी से रायपुर जा रही थीं. परिवार में कुछ दिन पहले ही उनकी बहू ने बच्चे को जन्म दिया था और हेमिन बाई पहली बार अपने पोते को देखने रायपुर एम्स जा रही थीं.
symbolic image

सांकेतिक तस्वीर

CG News: दुर्ग जिले के सुपेला थाना इलाके के नेहरू नगर में शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. तेज रफ्तार ट्रेलर ने पीछे से स्कूटी को टक्कर मार दी. हादसे में स्कूटी पर पीछे बैठी महिला की मौके पर ही मौत हो गई. दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया. सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. फिलहाल पुलिस फरार ट्रेलर चालक की तलाश कर रही है.

पोते को देखने जा रही दादी की मौत

पुलिस के अनुसार, मृत महिला की पहचान डौंडीलोहारा के सोरली गांव निवासी 60 वर्षीय हेमिन बाई पटेल के रूप में हुई है. वह अपने देवर प्रहलाद पटेल के साथ स्कूटी से रायपुर जा रही थीं. परिवार में कुछ दिन पहले ही उनकी बहू ने बच्चे को जन्म दिया था और हेमिन बाई पहली बार अपने पोते को देखने रायपुर एम्स जा रही थीं. घर में नए सदस्य के आने से खुशी का माहौल था, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने इस खुशी को मातम में बदल दिया.

सुपेला थाना क्षेत्र के नेहरू नगर स्थित योगा गार्डन के पास पीछे से आए एक ट्रेलर ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी. टक्कर लगते ही हेमिन बाई सड़क पर गिर गईं और ट्रेलर के पहिए के नीचे आ गईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई.

ये भी पढ़ें-रायपुर में चाकूबाजी की घटना, अधिवक्ता संघ चुनाव से पहले वकील पर जानलेवा हमला, हालत गंभीर

ड्राइवर की तलाश जारी

हादसे के बाद से पुलिस फरार ट्रेलर चालक की तलाश कर रही है. आरोपी तक पहुंचने के लिए पुलिस कुम्हारी टोल प्लाजा और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जांच रही है. इस मामले में सुपेला थाना पुलिस ने अज्ञात ट्रेलर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है.

ज़रूर पढ़ें