दूध-पनीर और तेल के बाद अब छत्तीसगढ़ में खपाई जा रही नकली सिगरेट, पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई
छत्तीसगढ़ समेत पूरे देश में नकली दूध, पनीर और तेल में मिलावट तो आपने देखी और सुनी होगी. लेकिन अब पुलिस ने नकली सिगरेट की एक बड़ी खेप पर कार्रवाई की है.
दुर्ग के इंदिरा मार्केट स्थित एसएसडी ट्रेडर्स में नकली गोल्ड फ्लैक प्रीमियम सिगरेट बेचने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 18 हजार नकली सिगरेट और पैकेजिंग सामग्री बरामद की है. जब्त सामान की कुल कीमत करीब 2 लाख 7 हजार रुपए बताई जा रही है.
दुर्ग शहर एएसपी शोभराज अग्रवाल के मुताबिक, आईटीसी लिमिटेड के अधिकृत प्रतिनिधि ने सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में बताया गया कि इंदिरा मार्केट स्थित एसएसडी ट्रेडर्स में आईटीसी के गोल्ड फ्लैक प्रीमियम ब्रांड के नाम और पैकेजिंग से मिलते-जुलते नकली उत्पाद बेचे जा रहे हैं.
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मौके पर जांच और साक्ष्य संकलन किया. जांच में मामला सही पाए जाने पर सिटी कोतवाली थाने में अपराध दर्ज किया गया. पुलिस ने बीएनएस की धारा 318(4) और कॉपीराइट अधिनियम की धारा 63 के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी विशाल जसवानी और निखिल सिहानी को गिरफ्तार किया. दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है.
पुलिस के अनुसार, जब्त सिगरेट में 12 हजार और 6 हजार नग के दो अलग-अलग स्टॉक शामिल हैं. आरोपियों पर वास्तविक उत्पाद की नकल कर आर्थिक लाभ कमाने का आरोप है. पुलिस अब इन दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है कि ये नकली सिगरेट वो कहा से खरीदते थे और इसे कहा-कहा खपाते थे.
ये खबर भी जरूर पढ़ेंः Breaking News: रायपुर और नागपुर की आरपीएफ ने ट्रेन से पकड़ा 2 करोड़ का सोना