डोंगरगढ़ में पुलिस से बदसलूकी, युवक ने उतारी पैंट, महिलाओं ने जवानों को मारे थप्पड़
डोंगरगढ़
Dongargarh News: छत्तीसगढ़ के डोंगरगढ़ में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करने गई पुलिस टीम के साथ सरेराह बदसलूकी और मारपीट का मामला सामने आया है. मोचीपारा यानी रविदास नगर में हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. वीडियो में एक युवक पुलिस के सामने पैंट उतारता और अभद्रता करता दिख रहा है, तो वहीं महिलाएं पुलिस जवानों को थप्पड़ मारती नजर आ रही हैं.
क्या है पूरा मामला ?
जानकारी के मुताबिक पुलिस को मोचीपारा में अवैध शराब बेचने की सूचना मिली थी. सूचना पर डोंगरगढ़ थाने के जवान मौके पर पहुंचे और एक युवक को शराब के साथ पकड़ा. तभी युवक ने हंगामा शुरू कर दिया. वायरल वीडियो में वो पुलिसकर्मियों के सामने ही अपनी पैंट उतारने लगता है और अभद्रता करता है.
CG News: बस्तर दशहरा की जोगी बिठाई रस्म संपन्न, 9 दिन निर्जल तपस्या करेंगे दौलत नाग
महिलाएं भी पुलिस से उलझीं
कुछ ही देर में मौके पर कुछ महिलाएं पहुंच जाती हैं और पुलिस टीम से उलझ जाती हैं. वीडियो में साफ दिख रहा है कि महिलाएं जवानों के साथ धक्का-मुक्की और गाली-गलौज कर रही हैं, एक महिला तो पुलिसकर्मी को थप्पड़ मारती हुई भी दिख रही है. इसी बीच दूसरी महिला जमीन पर रखी शराब की बोतलें उठाकर ले जाने की कोशिश करती है. मौके पर भीड़ जमा हो जाती है और किसी ने पूरा घटनाक्रम मोबाइल में रिकॉर्ड कर वायरल कर दिया.
पुलिस ने क्या कहा?
मामले में डोंगरगढ़ SDOP केसरीनंदन नायक ने बताया कि अवैध शराब की सूचना पर टीम गई थी, जहां आरोपियों ने पुलिस से मारपीट और अभद्रता की है.इस मामले में FIR दर्ज कर ली गई है और आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी.फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर जांच कर रही है और वैधानिक कार्रवाई की बात कह रही है.