CG News: दुर्ग में कोचिंग संस्थानों में फायर सेफ्टी व्यवस्था फेल, निरीक्षण में 100 से ज्यादा सेंटर पर मिली गंभीर खामियां
कोचिंग संस्थानों में फायर सेफ्टी व्यवस्था फेल
CG News: लखनऊ में कोचिंग सेंटर में हुई भीषण अग्निकांड की घटना के बाद दुर्ग जिला प्रशासन और अग्निशमन विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है. विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिले के प्रमुख एजुकेशन हब सिविक सेंटर स्थित विभिन्न कोचिंग संस्थानों में विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया. इस दौरान अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र सिंह और सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी की टीम ने कोचिंग सेंटरों में फायर सेफ्टी उपकरणों, आपातकालीन निकास मार्गों, विद्युत व्यवस्था और भवन सुरक्षा मानकों की बारीकी से जांच की.
निरीक्षण में सामने आईं गंभीर खामियां
दरअसल, जांच के दौरान चौंकाने वाली स्थिति सामने आई. सिविक सेंटर में संचालित करीब 100 से अधिक कोचिंग संस्थानों में से किसी भी संस्थान में फायर सेफ्टी के आवश्यक नियमों का पूर्ण रूप से पालन नहीं किया जा रहा था. कई संस्थानों में अग्निशमन यंत्र नहीं मिले, तो कई जगहों पर आपातकालीन स्थिति में बाहर निकलने के लिए अलग मार्ग की व्यवस्था नहीं थी. इसके अलावा फायर अलार्म सिस्टम और प्रशिक्षित सुरक्षा कर्मियों की भी कमी पाई गई.
कोचिंग संचालकों को दिए गए सख्त निर्देश
वहीं, अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र सिंह ने बताया कि निरीक्षण के दौरान मिली सभी कमियों की जानकारी कोचिंग संचालकों को दे दी गई है और उन्हें तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए गए हैं. उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित फायर सेफ्टी मानकों का पालन नहीं किया गया तो संबंधित कोचिंग संस्थानों को सील करने की कार्रवाई की जाएगी.
हजारों विद्यार्थियों की सुरक्षा पर उठे सवाल
दुर्ग जिले में हजारों विद्यार्थी रोजाना कोचिंग संस्थानों में पढ़ाई करने पहुंचते हैं. ऐसे में सुरक्षा मानकों की अनदेखी भविष्य में किसी बड़े हादसे को न्योता दे सकती है. प्रशासन की कार्रवाई के बाद अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि कोचिंग संचालक विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर कितने गंभीर कदम उठाते हैं.
ये भी पढे़ं- CG News: कूरियर कंपनियों को प्रशासन के निर्देश, CCTV कैमरे लगाना और संदिग्ध पार्सल की सूचना देना जरूरी