Video: कवर्धा में उफनती ढोलढोली नदी में फंसी यात्रियों से भरी पिकअप, ग्रामीणों की सूझबूझ से बची लोगों की जानें
उफनती नदी के बीच फंसे लोग
वेदांत शर्मा(कवर्धा)
CG News: कवर्धा जिले में बारिश के कारण नदी नाले उफान पर हैं. प्रशासन लगातार लोगों से उफनती नदियों और नालों को पार नहीं करने की अपील कर रहा है, इसके बावजूद लापरवाही के मामले सामने आ रहे हैं. ऐसी ही एक घटना कुकदूर थाना क्षेत्र में सामने आई.
ढोलढोली नदी में फंसी यात्रियों से भरी पिकअप
दरअसल, वनांचल के ढोलढोली रपटा मार्ग पर गुरुवार शाम 4:00 बजे बड़ा हादसा होते-होते टल गया. भारी बारिश के कारण रपटे पर तेज बहाव के बीच 20-25 सवारियों से भरी एक गाड़ी बीच धार में फंस गई. गाड़ी में महिलाएं और छोटे-छोटे बच्चे भी सवार थे. वाहन में सवार महिलाओं और बच्चों की चीख पुकार सुनकर नदी किनारे मौजूद ग्रामीण तत्काल मदद के लिए आगे आए.
ग्रामीणों की सूझबूझ से बची लोगों की जानें
अपनी जान की परवाह किए बिना कई ग्रामीण उफनती नदी में उतरे और एक-एक कर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. ग्रामीणों की तत्परता और साहस के चलते एक बड़ा हादसा टल गया. इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन थोड़ी सी और लापरवाही कई लोगों की जान पर भारी पड़ सकती थी. अगर ग्रामीण समय पर नहीं पहुंचते तो जनहानि हो सकती थी.
ये भी पढ़ें: यात्रीगण कृपया ध्यान दें! बिलासपुर जोन की 5 ट्रेनें रद्द, सफर में जाने से पहले यहां चेक करें लिस्ट
रोज रहता है खतरा
ढोलढोली रपटा छिंदीडीह, सारपानी, भाकुर, पीपर टोला, सेंदुर खार, देवान पटपर समेत दर्जनों गांवों को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग है. इस रास्ते से रोजाना हजारों ग्रामीण गुजरते हैं. हर मानसून में यहां बाढ़ के कारण आवागमन ठप हो जाता है और जान का खतरा बना रहता है.