CG News: भिलाई के हरिराज होटल के महिला टॉयलेट में नहीं मिला स्पाइ कैमरा, पुलिस जांच में हुआ खुलासा
होटल हरिराज
CG News: भिलाई से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है. शहर के जाने-माने हरिराज होटल में महिला टॉयलेट के अंदर स्पाइ कैमरा लगे होने की सूचना से हड़कंप मच गया. बताया जा रहा है कि होटल में खाना खाने पहुंची एक महिला को बाथरूम में कुछ संदिग्ध नजर आया. महिला को शक हुआ तो उसने इसकी जानकारी होटल प्रबंधन को दी, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा.
पुलिस ने होटल में की तलाशी
दरअसल, सूचना मिलते ही भिलाई नगर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला टॉयलेट समेत होटल के संबंधित हिस्सों की तलाशी ली. हालांकि पुलिस की शुरुआती जांच में मौके से किसी भी तरह का कैमरा बरामद नहीं हुआ है. इसके बावजूद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए होटल में मौजूद लोगों और कर्मचारियों के बयान दर्ज किए हैं.
एएसपी ने दी मामले की जानकारी
एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि भिलाई नगर थाना क्षेत्र के हरीराज होटल से 112 के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली थी कि महिला टॉयलेट में कैमरे लगाए गए हैं. पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाशी ली, लेकिन कोई कैमरा नहीं मिला. मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी संबंधित लोगों के कथन लिए जा रहे हैं और होटल प्रबंधन से सभी कर्मचारियों की सूची भी मांगी गई है.
हर एंगल से जांच कर रही पुलिस
फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है. होटल के किसी कर्मचारी की भूमिका है या नहीं, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा. पुलिस का कहना है कि विवेचना के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
महिलाओं की निजता को लेकर सवाल
महिला टॉयलेट जैसी संवेदनशील जगह से जुड़ी इस शिकायत ने होटल की सुरक्षा व्यवस्था और महिलाओं की निजता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि महिला टॉयलेट में वास्तव में कैमरा लगाया गया था या नहीं.
ये भी पढे़ं- भिलाई के होटल में सनसनी: हरिराज होटल के बाथरूम में मिला स्पाइ कैमरा, आरोपी स्टाफ फरार… पुलिस जांच में जुटी