Rajnandgaon: बारिश के बाद डोंगरगांव के खेत में भूधंसाव, देखते ही देखते बड़े गड्ढे में बदली जमीन

Rajnandgaon: राजनांदगांव जिले के डोंगरगांव विकासखंड के कबीर मठ नदिया गांव में लगातार बारिश के बाद खेत में अचानक जमीन धंसने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई. देखते ही देखते छोटा गड्ढा विशाल धंसाव में बदल गया.
CG News

Rajnandgaon: राजनांदगांव जिले के डोंगरगांव विकासखंड के कबीर मठ नदिया गांव में लगातार बारिश के बाद खेत में अचानक जमीन धंसने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई. देखते ही देखते छोटा गड्ढा विशाल धंसाव में बदल गया. सूचना मिलते ही पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को सुरक्षा के लिहाज से घेर दिया. अब इस रहस्यमयी धंसाव की जांच के लिए जियोलॉजिकल विभाग की टीम बुलाई जाएगी.

डोंगरगांव के खेत में भूधंसाव

कबीर मठ नदिया गांव के किसान अमर सिंह रावटे के खेत में जमीन धंसने लगी. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पहले एक छोटा गड्ढा बना, लेकिन कुछ ही देर में वह लगातार बढ़ते हुए काफी बड़ा हो गया. घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. एहतियात के तौर पर प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्र के आसपास लोगों की आवाजाही रोक दी.

प्रशासन की टीम कर रही जांच

सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार, थाना प्रभारी, पटवारी और राजस्व निरीक्षक सहित पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची. अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह संरचना किसी पुराने कुएं जैसी प्रतीत होती है, लेकिन वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा. प्रशासन ने पूरे मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी है और अब जियोलॉजिकल विभाग की टीम स्थल का निरीक्षण करेगी.

ये भी पढ़ें- दुर्ग में बुजुर्ग दंपती से लूट करने वाला केयर टेकर गिरफ्तार, नौकरी से निकाले जाने का बदला लेने के लिए रची थी साजिश

ज़रूर पढ़ें