CG News: पेट्रोल-डीजल के स्टॉक में कमी की अफवाहों पर सरकार अलर्ट, कलेक्टर ने ली पेट्रोलियम संघ की बैठक, खाद्य मंत्री बोले- ईंधन पर्याप्त
पेट्रोलियम संघ के साथ कलेक्टर की बैठक
CG News: छत्तीसगढ़ में पेट्रोल-डीजल की कमी की अफवाहों के बीच सरकार और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है. खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने साफ कहा है कि प्रदेश में ईंधन का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और कालाबाजारी करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी. वहीं रायपुर कलेक्टर ने पेट्रोल पंप संचालकों के साथ बैठक कर स्थिति की समीक्षा की और आम लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है.
खाद्य मंत्री ने स्थिति को किया स्पष्ट
दरअसल, राज्य में पेट्रोल-डीजल संकट की खबरों के बीच राज्य सरकार ने स्थिति स्पष्ट कर दी है. खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने कहा है कि प्रदेश में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार मौजूद है. लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है और किसी भी तरह की कालाबाजारी या जमाखोरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
कलेक्टर ने पेट्रोलियम संघ के पदाधिकारियों के साथ की बैठक
इधर रायपुर में कलेक्टर ने सभी पेट्रोल पंप संचालकों और पेट्रोलियम संघ के पदाधिकारियों के साथ बैठक की. बैठक में यह स्पष्ट किया गया कि राजधानी रायपुर में पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है. अफवाहों के चलते लोग सामान्य से अधिक मात्रा में ईंधन भरवा रहे हैं, जिससे कुछ स्थानों पर दबाव की स्थिति बनी है.
प्रशासन के मुताबिक पेट्रोल और डीजल की सप्लाई बढ़ा दी गई है और तेल कंपनियों के टैंकरों को 24 घंटे शहर में प्रवेश की अनुमति दी गई है. अधिकारियों का कहना है कि अगले दो से तीन दिनों में स्थिति पूरी तरह सामान्य हो जाएगी.
सभी जिलों के कलेक्टरों को मिले निर्देश
वहीं खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने सभी जिलों के कलेक्टरों को विशेष निर्देश जारी किए हैं. इसके तहत सभी पेट्रोल पंपों की दैनिक समीक्षा, ईंधन की आवक और वितरण की निगरानी, जमाखोरी और कालाबाजारी के खिलाफ संयुक्त कार्रवाई और उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी करने के निर्देश दिए गए हैं.
ये भी पढे़ं- CG News: छत्तीसगढ़ के कई पंपों पर खत्म हुआ तेल, पेट्रोल-डीजल को लेकर मची अफरा-तफरी