Balod: अंडा सब्जी नहीं बनाने पर भड़का पति, पत्नी पर फेंका खौलता पानी, थाने पहुंचा मामला
अंडा सब्जी नहीं बनाने पर भड़का पति
डिलेश्वर देवांगन(बालोद)
Husband Throws Boiling Water On Wife: छत्तीसगढ़ के बालोद थाना क्षेत्र के ग्राम पडकीभाट में अंडे की सब्जी नहीं बनाने को लेकर झगड़ा हुआ. जिसके बाद पति ने पत्नी पर उबलता पानी फेंक दिया. घटना में महिला झुलस गई, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया. पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
अंडा सब्जी नहीं बनाने पर भड़का पति
रविवार शाम 7 बजे बालोद टीआई शिशुपाल सिन्हा ने बताया कि ग्राम पडकीभाट निवासी 30 वर्षीय रूमा साहू ने अस्पताल में दिए बयान में बताया कि शनिवार रात करीब 9 बजे घर में भोजन को लेकर पति महेश साहू से विवाद हो गया. रूमा ने खाने में लौकी की सब्जी बनाई थी. पति ने अंडे की सब्जी नहीं बनने पर नाराजगी जताई और अंडे लेकर घर लौट आया। महिला का आरोप है कि विवाद के दौरान महेश साहू ने गाली गलौज करते हुए पहले उबले हुए अंडे उसकी ओर फेंके, फिर गर्म पानी उसकी बाईं जांघ पर डाल दिया.
पत्नी पर फेंका खौलता पानी
इसके बाद गला पकड़कर मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी. घटना के बाद महिला ने अपने पिता को फोन कर जानकारी दी. परिजनों ने डायल 112 को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल महिला को जिला अस्पताल बालोद पहुंचाया.
ये भी पढ़ें- CG News: भक्षक बना शिक्षक! 10वीं की छात्रा से टीचर ने किया दुष्कर्म, चाकू की नोक पर दी मारने की धमकी
महिला का अस्पताल में इलाज जारी
अस्पताल में उपचार के दौरान महिला के बयान के आधार पर बालोद पुलिस ने आरोपी महेश साहू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.