‘काका अभी जिंदा हैं, तेवर बरकरार है…’, बोले भूपेश बघेल, कहा- RSS के लोग राम मंदिर को लूट रहे
भूपेश बघेल(File Photo)
CG News: छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बीजेपी और आरएसएस पर जमकर निशाना साधा है. भूपेश बघेल ने कहा कि महमूद गजनवी ने जिस प्रकार से सोमनाथ मंदिर लूटा था, वहीं आज के समय में आरएसएस के लोग राम मंदिर को लूट रहे हैं.
भूपेश बघेल ने महंगाई, पेट्रोल-डीजल, बिजली के बढ़ते दामों और किसानों के मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार और राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा है कि खाद के लिए किसानों को इधर-उधर भटकना पड़ रहा है. बिजली महंगी करके सरकार आम लोगों पर बोझ डालना चाहती है.
काका अभी जिंदा है, तेवर बरकारर है
पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया है कि खाद की उपलब्धता को लेकर सरकार के पास कोई भी स्पष्ट जानकारी नहीं है. प्रदेश में नकली खाद और मौसम की मार से किसान लगातार परेशान हो रहे हैं. उन्होंने आगे कहा कि ‘काका अभी जिंदा है और काका का तेवर भी बरकरार है, लेकिन कांग्रेस आने वाले समय में एकत्रित होकर सामूहिक नेतृत्व के साथ चुनाव लड़ेगी.
राज्य सरकार पर निशाना साधा
बिलासपुर दौरे पर पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने केंद्र और राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा. सर्किट हाउस में मीडिया से चर्चा के दौरान उन्होंने पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों, बिजली दरों में बढ़ोतरी, कानून-व्यवस्था और किसानों की समस्याओं को लेकर सरकार को घेरा.
भूपेश बघेल ने कहा कि जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें बढ़ी थीं, तब तेल कंपनियों के नुकसान की जानकारी लगातार सार्वजनिक की जाती थी. लेकिन अब जब क्रूड ऑयल की कीमतों में कमी आई है, तब तेल कंपनियों के मुनाफे का हिसाब जनता को नहीं बताया जा रहा है. उन्होंने कहा कि महंगाई और बेरोजगारी आज भी बड़े मुद्दे हैं, लेकिन सरकार इन पर जवाब देने से बच रही है.
बिजली दरों में बढ़ोतरी पर बोले बघेल
बिजली दरों में बढ़ोतरी को लेकर बघेल ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में बिजली महंगी करने का कोई कारण नहीं है. उन्होंने आरोप लगाया कि डबल इंजन सरकार की नीतियों का बोझ किसानों और आम जनता पर पड़ रहा है. बढ़े हुए बिजली बिलों से लोगों की परेशानी और बढ़ गई है.
प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि हत्या, लूट और दुष्कर्म जैसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं. जेलों के भीतर तक हिंसक घटनाएं हो रही हैं और अपराधियों में कानून का डर नहीं दिख रहा है. शिक्षा व्यवस्था को लेकर उन्होंने कहा कि कई स्कूलों में बच्चों को अब तक ड्रेस और किताबें नहीं मिली हैं, जबकि शिक्षकों और बुनियादी सुविधाओं की भी कमी बनी हुई है.
भाजपा राहुल गांधी से डरती है – भूपेश बघेल
राहुल गांधी को लेकर भूपेश बघेल ने कहा कि भाजपा उनसे डरती है और उनकी छवि खराब करने के लिए करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव कांग्रेस सामूहिक नेतृत्व में लड़ेगी.
किसानों के मुद्दे पर बघेल ने आरोप लगाया कि खाद की कमी के बीच किसानों से अधिक कीमत वसूली जा रही है. उन्होंने कहा कि सरकार के संरक्षण में खाद की कालाबाजारी हो रही है और किसान लगातार परेशान हो रहे हैं.