CG News: सीएम हाउस में 4 घंटे चली मंत्रियों की बैठक, सत्ता-संगठन के बीच समन्वय को लेकर हुई चर्चा
सीएम हाउस में 4 घंटे चली मंत्रियों की बैठक
CG News: CM विष्णु देव साय ने गुरुवार को सभी मंत्रियों को अचानक रात 9 बजे CM हाउस बुलाया. इस बुलावे के बाद कई मंत्री अपने कार्यक्रम रद्द कर रायपुर पहुंचे. बैठक को लेकर मंत्रिमंडल फेरबदल की चर्चाएं होती रहीं.
सीएम हाउस में 4 घंटे चली मंत्रियों की बैठक
मुख्यमंत्री निवास में बीती रात 09:30 बजे शुरू हुई बैठक देर रात करीब 1 बजकर 30 मिनट पर खत्म हुई. करीब साढ़े चार घंटे चली इस बैठक में सभी मंत्री, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश संगठन मंत्री पवन साय और क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल मौजूद रहे.
इस बैठक में मंत्रियों के कामकाज की समीक्षा हुई. सुशासन तिहार को लेकर भी फीडबैक लिया गया. वहीं बैठक में सरकार के ढाई साल के कार्यकाल की समीक्षा की गई और आगामी ढाई साल की कार्य योजना पर चर्चा हुई. कई विभागों से सुझाव लिए गए. साथ ही सत्ता और संगठन के बीच बेहतर तालमेल को लेकर भी चर्चा की गई.
बैठक में ये मंत्री रहे मौजूद
इस बैठक में मंत्री केदार कश्यप, गुरु खुशवंत साहेब, लक्ष्मी राजवाड़े, दयाल दास बघेल सहित कई मंत्री शामिल हुए. इसके अलावा उपमुख्यमंत्री अरुण साव, विजय शर्मा, मंत्री टंकराम वर्मा, लखन लाल देवांगन और श्याम बिहारी जायसवाल भी बैठक में पहुंचे. दरअसल, पिछले कई दिनों से मंत्रिमंडल को लेकर चर्चा चल रही थी. ऐसे में मुख्यमंत्री की इस अचानक बुलाई गई बैठक को लेकर कई तरह के सियासी कयास लगाए जा रहे थे.
ये भी पढ़ें- CG Weather Alert IMD: मानसून ने पकड़ी रफ्तार, छत्तीसगढ़ में अगले पांच दिन आंधी-बारिश का अलर्ट, IMD ने जारी की चेतावनी
बैठक को लेकर क्या बोले मंत्री?
वहीं इस बैठक लेकर कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि सब मुस्कुरा रहे हैं. मंत्रिमंडल में बदलाव की अटकलें सिर्फ कयास हैं. सभी सेफ हैंपूरा छत्तीसगढ़ सेफ है. वहीं बैठक को लेकर डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कहा कि सत्ता-संगठन की सामान्य हर तीन महीने में होने वाली बैठक थी. प्रभार वाले जिलों में काम समन्वय जैसे विषयों को लेकर चर्चा हुई. कोरिया की घटना बहुत दुखद है. आरोपियों को कड़ी सजा होगी. छत्तीसगढ़ की बेहतरी के लिए जो होगा करेंगे.