Raipur Local News: एमजी रोड नाइट चौपाटी के लिए नया नियम, अब रात 9 बजे से पहले नहीं लगेंगी दुकानें

Raipur Local News: बैठक में कहा गया कि सड़क और फुटपाथ पर ग्राहकों के बैठने के लिए कुर्सी-टेबल नहीं लगाई जाएंगी. इससे पैदल चलने वालों और वाहनों को परेशानी होती है. नए निर्देशों के अनुसार हर संचालक को अपने ग्राहकों के वाहनों के लिए पार्किंग की खुद व्यवस्था करनी होगी.
raipur mg food chaupati

रायपुर एमजी रोड चौपाटी

Raipur Local News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से इस वक्त की बड़ी खबर आ रही है. रायपुर की जानी मानी और लोगों की पसंदीदा स्ट्रीट फूड एरिया अब 9 बजे के बाद ही खोली जाएगी. चौपाटी संचालन का समय रात 9 से 1 बजे तक तय कर दिया गया है. इस दौरान स्थायी दुकानों के सामने जगह का इस्तेमाल तभी किया जा सकेगा, जब उन दुकानों के शटर बंद हो जाएंगे.

दुकान बंद करने के लिए दबाव नहीं बना सकते

जानकारी के मुताबिक, किसी भी चोपाटी संचालक को दुकानदार पर जल्दी दुकान बंद करने के लिए दबाव बनाना किसी भी कीमत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. इसकी अनुमति बिल्कुल नहीं दी गई है. वहीं, नियमों को लेकर सोमवार को यातायात सभागार में एक बड़ी बैठक भी की गई. बैठक की अध्यक्षता ट्रैफिक डीसीपी डॉ. अर्चना झा ने की. इसमें पुलिस, नगर निगम के अधिकारी, व्यापारी संघ के पदाधिकारी और चौपाटी संचालक शामिल हुए.

बैठक में क्या निर्णय लिए गए?

बैठक में कहा गया कि सड़क और फुटपाथ पर ग्राहकों के बैठने के लिए कुर्सी-टेबल नहीं लगाई जाएंगी. इससे पैदल चलने वालों और वाहनों को परेशानी होती है. नए निर्देशों के अनुसार हर संचालक को अपने ग्राहकों के वाहनों के लिए पार्किंग की खुद व्यवस्था करनी होगी. वाहन मुख्य सड़क पर खड़े नहीं होने चाहिए, ताकि ट्रैफिक जाम की स्थिति न बने.

अलग-अलग डस्टबिन रखना अनिवार्य

इसके साथ ही हर स्टॉल पर गीले और सूखे कचरे के लिए अलग-अलग डस्टबिन रखना अनिवार्य होगा. चौपाटी बंद होने के बाद सफाई की जिम्मेदारी भी संचालक की ही होगी. अगर कोई संचालक बार-बार नियम तोड़ता पाया गया, तो उसकी चौपाटी को हमेशा के लिए बंद कर दिया जाएगा. व्यवस्थित पार्किंग, गंदगी और अतिक्रमण की शिकायत मिलने पर यातायात पुलिस और निगम की संयुक्त टीम मौके पर कार्रवाई करेगी.

सोमवार को बैठक के कारण एमजी रोड की चौपाटी पूरे दिन बंद रही. इसके बाद कई तरह की अटकलें लगाई जाने लगीं, लेकिन संचालकों ने साफ किया कि वे विरोध नहीं कर रहे हैं. उनका कहना है कि वे प्रशासन के साथ हैं और तय व्यवस्था का पालन करेंगे.

📺 Vistaar News Live TV

ज़रूर पढ़ें