CG News: आज आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का आंदोलन, मानदेय बढ़ाने समेत इन मांगों को लेकर सड़कों पर उतरीं
आंगनबाडी कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन
Chhattisgarh Anganwadi Protest: छत्तीसगढ़ से इस वक्त की बड़ी खबर आ रही है. जहां, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है.अपनी लंबे समय से अधूरी मांगों को लेकर उन्होंने सोमवार से तीन दिन के लिए कामकाज ठप कर दिया है.जिले के अलग-अलग ब्लॉक से बड़ी संख्या में महिलाएं एक जगह इकट्ठा हुईं और हाथों में तख्तियां लेकर अपनी आवाज बुलंद की.
प्रदर्शन में शामिल महिलाओं का
प्रदर्शन में शामिल महिलाओं का कहना है कि सरकार उनसे हर काम करवाती है, लेकिन जब हक देने की बारी आती है तो उन्हें भुला दिया जाता है.बच्चों को संभालना हो, गर्भवती महिलाओं का हिसाब रखना हो, टीकाकरण में मदद करनी हो या फिर सरकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाना हो, हर मोर्चे पर आंगनबाड़ी दीदी ही आगे रहती हैं.इसके बाद भी उनकी आर्थिक स्थिति नहीं सुधरी है.
घर चलाना हुआ मुश्किल- महिलाएं
आंदोलन कर रही महिलाओं की सबसे बड़ी मांग वेतन को लेकर है. उनका कहना है कि मौजूदा मानदेय में घर चलाना मुश्किल हो गया है.महंगाई बढ़ गई है, लेकिन मानदेय वहीं का वहीं है.इसलिए उन्होंने सरकार से हर महीने 30 हजार रुपये देने की मांग की है.उनका कहना है कि काम के बोझ के हिसाब से यह रकम जायज है.
नौकरी को पक्का करने की भी मांग
दूसरी मांग नौकरी को पक्का करने की है. कई महिलाएं 10 से 15 साल से इस काम से जुड़ी हैं, फिर भी उन्हें अस्थायी माना जाता है. उन्हें न तो पेंशन की सुविधा मिलती है, न ही छुट्टी और इलाज जैसी सहूलियतें.नियमित होने से उन्हें नौकरी की सुरक्षा मिलेगी और भविष्य की चिंता खत्म होगी.
इसके साथ ही महीलाओं ने 10 लाख रुपये की आर्थिक सुरक्षा की भी मांग की है. उनका कहना है कि काम के दौरान उन्हें कई जोखिम उठाने पड़ते हैं.इसलिए सरकार को ऐसी व्यवस्था करनी चाहिए, जिससे संकट के समय परिवार को आर्थिक मदद मिल सके. वहीं, तीन दिन की हड़ताल की वजह से जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों पर असर दिखने लगा है.



