छत्तीसगढ़ BJP को मिल सकता है नया प्रदेश अध्यक्ष, तोखन साहू का नाम सबसे आगे

छत्तीसगढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) के संगठन में बदलाव और नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है.

छत्तीसगढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) के संगठन में बदलाव और नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है. पार्टी के भीतर और बाहर चल रही चर्चाओं के बीच केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के राज्य मंत्री और बिलासपुर से लोकसभा सांसद तोखन साहू (Tokhan Sahu) का नाम प्रदेश अध्यक्ष की रेस में सबसे आगे चल रहा है. यदि पार्टी संगठन में फेरबदल का दौर शुरू होता है, तो तोखन साहू को छत्तीसगढ़ बीजेपी की कमान सौंपी जा सकती है.

क्या कहा तोखन साहू ने ?

इन सुर्खियों के बाद विस्तार न्यूज से बातचीत करते हुए तोखन साहू ने कहा कि वे पार्टी के छोटे से कार्यकर्ता है और पार्टी जो जिम्मेदारी सौंपेगी इसे वो निभाएंगे.

साहू समाज का मजबूत सियासी समीकरण

छत्तीसगढ़ की राजनीति में ओबीसी वर्ग और खासकर साहू समाज का प्रभाव निर्णायक माना जाता है. राज्य की कुल आबादी में साहू समाज एक बड़ा मतदाता वर्ग है, जो लंबे समय से बीजेपी का वैचारिक और मैदानी वोटर रहा है. पार्टी लोकसभा चुनावों से लेकर विधानसभा चुनावों तक इस समीकरण को साधती रही है. तोखन साहू (Tokhan Sahu) वर्तमान में केंद्र सरकार में मंत्री हैं और ज़मीनी स्तर से उठकर राष्ट्रीय फलक तक पहुंचे हैं. ऐसे में उन्हें प्रदेश अध्यक्ष बनाकर पार्टी 2028 के विधानसभा चुनावों से पहले एक बड़ा सामाजिक संदेश दे सकती है.

साधारण कार्यकर्ता से केंद्रीय मंत्री तक का सफर

तोखन साहू (Tokahn Sahu) का राजनीतिक करियर बेहद संघर्षपूर्ण और प्रेरणादायक रहा है. उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत एक ग्रामीण पंचायत स्तर (पंच) से की थी. इसके बाद वे लोरमी विधानसभा से विधायक, संसदीय सचिव, और वर्तमान में बिलासपुर से सांसद व मोदी सरकार में केंद्रीय राज्य मंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. संगठन और शासन दोनों का लंबा अनुभव होने के कारण उन्हें पार्टी संगठन के ढांचे में फिट माना जा रहा है.

ये खबर भी जरूर पढ़ेंः CG News: इनकी छुट्टी करने की तैयारी में Congress… नए लोगों की सूची पहुंची दिल्ली!

संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल की रणनीति

भारतीय जनता पार्टी हमेशा से ‘एक व्यक्ति, एक पद’ के सिद्धांत या संगठन को मजबूत करने के लिए अनुभवी चेहरों को आगे बढ़ाने के लिए जानी जाती है. आगामी राजनीतिक चुनौतियों और स्थानीय निकायों के चुनावों को देखते हुए बीजेपी एक ऐसा नेतृत्व चाहती है जो बेदाग छवि वाला हो, जिसकी पकड़ ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में मजबूत हो और जो कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद रख सके. तोखन साहू की छवि एक शांत, मिलनसार और जुझारू नेता की रही है, जो संगठन की कसौटी पर पूरी तरह खरे उतरते हैं.

क्या हैं अन्य कयास?

हालांकि, अभी तक पार्टी हाईकमान की ओर से आधिकारिक तौर पर कोई मुहर नहीं लगाई गई है. छत्तीसगढ़ बीजेपी संगठन में बदलाव को लेकर अलग-अलग नामों पर भी विचार चल रहा है, लेकिन केंद्र और राज्य के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिहाज से तोखन साहू का पलड़ा भारी बताया जा रहा है. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि पार्टी सांगतिक फेरबदल करती है, तो तोखन साहू छत्तीसगढ़ बीजेपी के अगले सेनापति बन सकते हैं.

ज़रूर पढ़ें