छत्तीसगढ़: 1,501 पदों पर होगी बंपर भर्ती, 6 नवंबर से ऑनलाइन आवेदन शुरू

रायपुर. छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए सरकारी नौकरी पाने का बड़ा अवसर सामने आया है. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज की तीनों कंपनियों में 1,501 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू की जा रही है.
CG Job Alert 2026

File Image

रायपुर. छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए सरकारी नौकरी पाने का बड़ा अवसर सामने आया है. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज की तीनों कंपनियों में 1,501 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू की जा रही है. इसके लिए 38 प्रकार के पदों का विस्तृत भर्ती विज्ञापन जारी कर दिया गया है. इच्छुक अभ्यर्थी 6 नवंबर से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे. आवेदन की अंतिम तिथि 26 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है.

छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी द्वारा 5 नवंबर को जारी विस्तृत भर्ती विज्ञापन पावर कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट https://cspc.co.in पर उपलब्ध कराया गया है. कुल 1,501 पदों में द्वितीय श्रेणी के 195 तथा तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के 1,306 पद शामिल हैं. भर्ती छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन, ट्रांसमिशन और डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के लिए की जाएगी.

कनिष्ठ अभियंता के 167 और डाटा एंट्री ऑपरेटर के 609 पद

भर्ती में सबसे अधिक अवसर डाटा एंट्री ऑपरेटर और कनिष्ठ अभियंता के पदों पर हैं. कनिष्ठ अभियंता इलेक्ट्रिकल के कुल 167 पद निर्धारित किए गए हैं. इनमें जनरेशन कंपनी के 11, ट्रांसमिशन कंपनी के 32 और डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के 124 पद शामिल हैं.

इसी तरह डाटा एंट्री ऑपरेटर के 609 पदों में जनरेशन कंपनी के 95, ट्रांसमिशन कंपनी के 64 और डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के 450 पद शामिल हैं.

6 नवंबर रात 8 बजे से आवेदन

ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 6 नवंबर 2026 को शाम 8 बजे से शुरू होगी. अभ्यर्थी 26 नवंबर 2026 की रात 11.55 बजे तक आवेदन कर सकेंगे. आवेदन शुल्क भी निर्धारित अंतिम तिथि और समय तक नेट बैंकिंग, क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड अथवा यूपीआई के माध्यम से जमा किया जा सकेगा.

यह विस्तृत विज्ञापन पूर्व में 7 अगस्त 2026 को जारी लघु विज्ञापन तथा 14 सितंबर 2026 को जारी संशोधन के आधार पर जारी किया गया है.

इन पदों पर भी होगी भर्ती

तकनीकी एवं अधिकारी संवर्ग के अंतर्गत सहायक अभियंता के मैकेनिकल के 26, इलेक्ट्रिकल के 92, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं टेलीकम्युनिकेशन के 10, कंप्यूटर साइंस के 2, सूचना प्रौद्योगिकी के 2 और सिविल के 20 पद शामिल हैं.

इसके अलावा फायर ऑफिसर के 1, सुरक्षा अधिकारी के 3, शिफ्ट केमिस्ट के 6, प्रोग्रामर के 3 तथा कनिष्ठ अभियंता के मैकेनिकल में 12, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं टेलीकम्युनिकेशन में 9, कंप्यूटर साइंस में 1, सूचना प्रौद्योगिकी में 1 और सिविल में 26 पद हैं.

अन्य पदों में सब फायर ऑफिसर के 6, सुरक्षा निरीक्षक के 10, सुरक्षा उप निरीक्षक के 19, फायर अटेंडेंट ग्रेड-II के 45 तथा विभिन्न ट्रेडों में अटेंडेंट (प्लांट) ग्रेड-III के पद शामिल हैं. इनमें फिटर के 84, टर्नर के 36, इलेक्ट्रीशियन के 90, इंस्ट्रूमेंट मैकेनिक के 45 और इलेक्ट्रॉनिक्स के 45 पद हैं.

गैर-तकनीकी एवं चिकित्सा संवर्ग में लेखा अधिकारी/सहायक प्रबंधक (वित्त एवं लेखा) के 15, चिकित्सा अधिकारी के 15, सहायक विधि अधिकारी के 8, सहायक औद्योगिक संबंध अधिकारी के 8, स्टेनोग्राफर ग्रेड-III अंग्रेजी के 12 और हिंदी के 13 पद निर्धारित किए गए हैं.

इसके साथ ही सहायक लैब तकनीशियन के 6, सहायक फार्मासिस्ट के 25, सहायक स्टाफ नर्स के 18, सहायक रेडियोग्राफर के 3, सहायक ड्रेसर के 5 तथा सहायक ईसीजी तकनीशियन के 3 पदों पर भी भर्ती होगी.

छत्तीसगढ़ के मूल निवासियों को मिलेगा अवसर

विज्ञापन के अनुसार तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के पदों के लिए केवल छत्तीसगढ़ के मूल निवासी अभ्यर्थी ही आवेदन कर सकेंगे. प्रत्येक पद के लिए निर्धारित शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा और अन्य पात्रता संबंधी शर्तों की जानकारी विस्तृत विज्ञापन में दी गई है.

तीनों कंपनियों के साझा पदों के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को आवेदन के दौरान कंपनियों की प्राथमिकता का क्रम देना होगा. अंतिम चयन मेरिट, अभ्यर्थी की प्राथमिकता और संबंधित कंपनी में उपलब्ध रिक्तियों के आधार पर किया जाएगा.

अंतिम तिथि से पहले करें आवेदन

पावर कंपनी प्रबंधन ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें. आवेदन करने से पहले आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध विस्तृत भर्ती विज्ञापन, शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा और अन्य दिशा-निर्देशों का अच्छी तरह अध्ययन कर लें.

ज़रूर पढ़ें