CG News: कांग्रेस ने पीएम मोदी को लेकर जारी किया विवादित पोस्टर, किरणदेव सिंहदेव बोले- इनकी भाषा शैली निम्न स्तर की है
बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव
CG News: छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा बोलते हुए सोशल मीडिया पर एक विवादित पोस्टर जारी किया है. कांग्रेस ने पोस्टर में लिखा, जलियांवाला बाग में गोलियां चली थीं, जंतर-मंतर पर लाठियां चल रही हैं. इस पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव ने जमकर निशाना साधा है.
कांग्रेस ने पीएम मोदी को लेकर जारी किया विवादित पोस्टर
इसके अलावा कांग्रेस ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का एक बयान भी साझा किया. बयान में राहुल गांधी ने कहा, “नरेंद्र मोदी भारत के इतिहास के सबसे युवा विरोधी प्रधानमंत्री हैं. वे इतने युवा विरोधी हैं कि नाकाम शिक्षा मंत्री का इस्तीफा तक नहीं ले सकते. जब छात्रों ने शिक्षा से जुड़े जायज सवाल उठाए, तो उन्हें जवाब में लाठीचार्ज और हिरासत मिली” कांग्रेस के इन पोस्टों के बाद प्रदेश की सियासत गरमा गई है.
इनकी भाषा शैली निम्न स्तर की है – किरणदेव सिंहदेव
वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर किए गए विवादित पोस्ट पर BJP प्रदेश अध्यक्ष किरणदेव ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि, “कांग्रेस प्रधानमंत्री के खिलाफ लगातार निम्न स्तर की टिप्पणी कर रही है. देश की जनता को कांग्रेस की इस तरह की भाषा बिल्कुल पसंद नहीं है”, उन्होंने कहा कि “कांग्रेस की भाषाशैली उसके राजनीतिक हताशा और बौखलाहट को दर्शाती है. चर्चा और सुर्खियों में बने रहने के लिए कांग्रेस लगातार निम्न स्तर की बयानबाजी का सहारा ले रही है.” किरणदेव ने आरोप लगाया कि कांग्रेस मुद्दों पर राजनीति करने के बजाय व्यक्तिगत टिप्पणियों के जरिए राजनीतिक माहौल को खराब करने की कोशिश कर रही है.