रायपुर पुलिस ने ज्वेलर्स समेत दो को किया गिरफ्तार
रायपुर. राजधानी के खम्हारडीह थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां घर में खाना बनाने के लिए रखा गया रसोईया ही मालिक के घर से लाखों रुपए के सोने-चांदी के आभूषण और नगदी चोरी कर रहा था. आरोपी पिछले दो से तीन महीने से मौका पाकर घर की अलमारी के लॉकर से धीरे-धीरे जेवरात और नगदी पार कर रहा था. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी रसोईये और चोरी के आभूषण खरीदने वाले ज्वेलर्स को गिरफ्तार कर लिया है. दोनों के कब्जे से करीब 3 लाख 15 हजार रुपए कीमत के सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए गए हैं.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार भावना नगर निवासी पदमेश दुबे ने थाना खम्हारडीह में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि पिछले दो-तीन महीनों से उनके घर की अलमारी के लॉकर से सोने-चांदी के आभूषण, सिक्के और नगदी रकम लगातार गायब हो रहे थे. शुरुआत में उन्हें चोरी का पता नहीं चल पाया, लेकिन लगातार सामान गायब होने पर उन्हें संदेह हुआ. इसके बाद उन्होंने घर में सीसीटीवी कैमरे लगवाए.
15 नवंबर 2026 को परिवार के सदस्य घर पर मौजूद नहीं थे. इसी दौरान घर में खाना बनाने वाला कुक बबलू मिश्रा अलमारी के लॉकर से जेवरात और नगदी चोरी करते हुए सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया. फुटेज देखने पर परिवार को पता चला कि घर में काम करने वाला रसोईया ही चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था. आरोपी ने करीब 15 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण, सिक्के और नगदी चोरी किए थे.
प्रार्थी की शिकायत पर थाना खम्हारडीह में आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 464/26 धारा 306 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया. घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला तथा पुलिस उपायुक्त (उत्तर क्षेत्र) दीपमाला कश्यप के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और खम्हारडीह पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की.
पुलिस टीम ने आरोपी बबलू मिश्रा को पकड़कर पूछताछ की तो उसने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली. पूछताछ में उसने बताया कि चोरी किए गए कुछ आभूषणों को उसने कुशालपुर पुरानी बस्ती निवासी ज्वेलर्स संतोष सोनी के पास बेचा था, जबकि कुछ आभूषण मणप्पुरम गोल्ड लोन में गिरवी रख दिए थे.
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने ज्वेलर्स संतोष सोनी को भी गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से करीब 3 लाख 15 हजार रुपये कीमत के चोरी के सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए हैं. मणप्पुरम गोल्ड लोन में गिरवी रखे गए शेष आभूषणों के संबंध में पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है.
पुलिस ने आरोपी संतोष सोनी के विरुद्ध चोरी के आभूषण खरीदने के मामले में धारा 317(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की है. प्रकरण में धारा 317(2) एवं 3(5) बीएनएस भी जोड़ी गई है.
गिरफ्तार आरोपी
- बबलू मिश्रा (47 वर्ष) पिता स्व. बैजनाथ मिश्रा, निवासी ग्राम सिरसा, गंगेव ब्लॉक, थाना मानिगमा, जिला रीवा (मध्यप्रदेश). वर्तमान पता मकान नंबर 48, ब्लॉक नंबर 03, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, भावना नगर, थाना खम्हारडीह, रायपुर.
- संतोष सोनी (51 वर्ष) पिता स्व. खिल्लूराम सोनी, निवासी डॉ. बजाज के सामने, सोनकर बाड़ी, पहाड़ी तालाब, कुशालपुर, थाना पुरानी बस्ती, रायपुर.


