CG News: रायपुर के मार्केट में बिक रहा था PUMA का डुप्‍लीकेट प्रोडक्ट, पुलिस ने दी दबिश, 2 कारोबारियों पर FIR

CG News: मार्केट में व्‍यापारी ब्रांडेड कंपनी के मोनो और डिजाइन की नकल के साथ जूते-चप्पल बेच रहे थे. जिसकी शिकायत के बाद पुलिस ने व्‍यपारी की दुकान पर दबिश दी है.
Mana Police Station, Raipur

माना पुलिस स्‍टेशन रायपुर

CG News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में जूतों के बड़े ब्रांड PUMA के नाम पर कथित तौर पर फर्जी फुटवियर बेचने का मामला सामने आया है. मार्केट में व्‍यापारी ब्रांडेड कंपनी के मोनो और डिजाइन की नकल के साथ जूते-चप्पल बेच रहे थे. जिसकी शिकायत के बाद पुलिस ने व्‍यपारी की दुकान पर दबिश दी है. पूरा मामला माना पुलिस थाने का है.

पुलिस को मिली शिकायत के आधार पर दो करोबारियों के खिलाफ कॉपीराइट और ट्रेडमार्क उल्लंघन का केस दर्ज कर लिया गया है. इस कार्रवाई के दौरान आरोपियों की दुकानों से बड़ी मात्रा में फुटवियर जब्त किए गए हैं.

शिकायत के बाद शुरू हुई जांच

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, PUMA कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि गौरव श्रीवास्तव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि माना इलाके में कुछ व्यापारी कंपनी के लोगो और डिजाइन से मिलते-जुलते जूते-चप्पल बाजार में बेच रहे हैं. शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और संबंधित दुकानों की पड़ताल की.

दो दुकानों से 618 जोड़ी फुटवियर बरामद

जांच के दौरान राज फुटवियर के संचालक राहुल नेभानी और कलकत्ता बूट हाउस के संचालक मोहम्मद खुस्तर की दुकानों में दबिश दी गई. तलाशी में दोनों प्रतिष्ठानों से PUMA ब्रांड से मिलते-जुलते चिन्ह और डिजाइन वाले कुल 618 जोड़ी फुटवियर बरामद किए गए. प्रारंभिक जांच में इन्हें अनधिकृत और संदिग्ध उत्पाद माना गया है.

सप्लाई नेटवर्क की भी जांच

पुलिस ने जब्त किए गए सामान को अपने कब्जे में लेकर दोनों कारोबारियों के खिलाफ कॉपीराइट और ट्रेडमार्क उल्लंघन से संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया है. अधिकारियों का कहना है कि अब यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह माल कहां से लाया गया था और इसके पीछे किसी बड़े सप्लाई नेटवर्क की भूमिका तो नहीं है.

कानूनी कार्रवाई का प्रावधान

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, किसी प्रतिष्ठित ब्रांड की पहचान, लोगो या डिजाइन की नकल कर उपभोक्ताओं को भ्रमित करना कानून के दायरे में गंभीर अपराध माना जाता है. ऐसे मामलों में कॉपीराइट और ट्रेडमार्क कानूनों के तहत कड़ी कार्रवाई की जा सकती है.

दस्तावेजों और उत्पादों की जांच जारी

फिलहाल माना थाना पुलिस जब्त फुटवियर की तकनीकी जांच के साथ-साथ उससे जुड़े दस्तावेजों की भी जांच कर रही है. जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढे़ं- CG News: पोती ने कर ली लव मैरिज तो परिवार को मिली बहिष्‍कार की धमकी, समाज के लोगों ने वसूले 55 हजार

ज़रूर पढ़ें