Dhamtari: फर्जी कागजात के सहारे 40 लाख की ठगी का खेल, जमीन बेचने की कोशिश में दो गिरफ्तार

Dhamtari News: मगरलोड पुलिस ने फर्जी दस्तावेजों के जरिए करीब 40 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
Dhamtari News

आरोपी गिरफ्तार

इनपुट-Abhishek Mishra

Dhamtari News: मगरलोड पुलिस ने फर्जी दस्तावेजों के जरिए करीब 40 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों पर मृतक के नाम दर्ज करीब साढ़े चार एकड़ कृषि भूमि को अपना बताकर बेचने की कोशिश करने और इसके लिए फर्जी ऋण पुस्तिका, आधार कार्ड सहित बैंक से जुड़े दस्तावेज तैयार करने का आरोप है.

पुलिस के मुताबिक गोबरा नवापारा निवासी सचिन बगानी ने मगरलोड थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में बताया गया कि ग्राम सांगा में मृतक विष्णु प्रसाद साहू के नाम दर्ज करीब 4.5 एकड़ कृषि भूमि को आरोपी ठाकुर राम साहू ने अपनी जमीन बताते हुए बेचने का सौदा किया. इस प्रक्रिया में प्रार्थी से अलग-अलग माध्यमों से नगद और चेक के जरिए करीब 40 लाख रुपये ले लिए गए.

अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू

शिकायत मिलने के बाद मगरलोड पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की. जांच के दौरान मृतक के नाम से बैंक खाते से संबंधित दस्तावेज, ग्राहक आवेदन फार्म और बैंक स्टेटमेंट खंगाले गए. दस्तावेजों की जांच और आरोपियों से पूछताछ में फर्जीवाड़े की परतें खुलती चली गईं.

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने कथित तौर पर मृतक के नाम से फर्जी ऋण पुस्तिका, आधार कार्ड और बैंक संबंधी कागजात तैयार किए थे. इन दस्तावेजों के जरिए जमीन पर अपना अधिकार जताते हुए उसे बेचने की कोशिश की गई. पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी ठाकुर राम साहू ने अपने सहयोगी जितेन्द्र साहू के साथ मिलकर इस पूरे फर्जीवाड़े को अंजाम दिया.

निशानदेही पर मिले फर्जी दस्तावेज

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने फर्जी ऋण पुस्तिका, फर्जी आधार कार्ड, एक एटीएम कार्ड, तीन चेक, दो रबर सील, लिखावट से संबंधित डायरी और 5,200 रुपये नगद बरामद किए हैं. मुख्य आरोपी ठाकुर राम साहू के लिखावट और हस्ताक्षर के नमूने भी पुलिस ने लिए हैं, जिन्हें परीक्षण और मिलान के लिए क्यूडी शाखा भेजा जाएगा.

ये आरोपी हुए गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में ठाकुर राम साहू उम्र 37 वर्ष निवासी ग्राम सांगा, थाना मगरलोड और जितेन्द्र साहू उम्र 38 वर्ष निवासी ग्राम पोखरा, थाना राजिम, जिला गरियाबंद को 20 अगस्त को गिरफ्तार किया. दोनों को गिरफ्तारी के कारणों की जानकारी देने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.

मामले में पुलिस ने धोखाधड़ी, कूटरचना और आपराधिक षडयंत्र से जुड़ी धाराओं के तहत कार्रवाई की है. विवेचना के दौरान आपराधिक षडयंत्र की भूमिका सामने आने पर धारा 61(2) बीएनएस भी जोड़ी गई है.

धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई

एसपी भावना पांडेय ने कहा कि फर्जी दस्तावेजों के जरिए जमीन और संपत्ति संबंधी धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई कर रही है. उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि जमीन या किसी भी संपत्ति की खरीद-बिक्री से पहले दस्तावेजों और वास्तविक स्वामित्व की पूरी तरह जांच जरूर करें. संदिग्ध गतिविधि सामने आने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें. पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि फर्जी दस्तावेज तैयार करने में और कौन-कौन लोग शामिल थे और इस पूरे षडयंत्र में उनकी क्या भूमिका रही है.

ज़रूर पढ़ें