आईआईटी भिलाई ने फ्रांस के सेंट्रेल नैनटेस (Centrale Nantes) के साथ MoU पर हस्ताक्षर किए

भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) भिलाई ने वैश्विक शैक्षणिक सहयोग को नई दिशा देते हुए फ्रांस के प्रतिष्ठित संस्थान सेंट्रेल नैनटेस (École Centrale de Nantes) के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं
IIT Bhilai

आईआईटी भिलाई

भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) भिलाई ने फ्रांस के नीस (Nice) में 14-16 जून 2026 तक चल रहे ‘भारत इनोवेट्स’ (भारतीय शिक्षा इकोसिस्टम के लिए ग्लोबल एक्सेलेरेशन) कार्यक्रम के दौरान ‘इकोल सेंट्रेल डी नैनटेस’ (Ecole Centrale de Nantes) के साथ एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं.

यह MoU दोनों संस्थानों के फैकल्टी सदस्यों और छात्रों के बीच शैक्षिक, पेशेवर और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देकर अंतरराष्ट्रीय समझ, शैक्षणिक सहयोग, सांस्कृतिक मेलजोल और दोस्ती को बढ़ाने के लिए एक ढांचा तैयार करता है. इसके माध्यम से फैकल्टी सदस्यों और विद्यार्थियों के आदान-प्रदान, संयुक्त शोध परियोजनाओं तथा अंतरराष्ट्रीय अकादमिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए एक व्यापक ढांचा तैयार किया गया है.

समझौते के तहत दोनों संस्थान फैकल्टी एक्सचेंज कार्यक्रम, छात्र विनिमय, संयुक्त शोध गतिविधियों, बहु-राष्ट्रीय एवं बहु-संस्थागत परियोजनाओं, सेमिनारों तथा शैक्षणिक बैठकों में सहभागिता को प्रोत्साहित करेंगे. इसके अलावा शैक्षणिक सामग्री और अन्य अकादमिक सूचनाओं के आदान-प्रदान, विशेष अल्पकालिक शैक्षणिक कार्यक्रमों, समर रिसर्च प्रोग्राम तथा विदेश अध्ययन कार्यक्रमों के साथ संयुक्त एवं दोहरी डिग्री पाठ्यक्रमों की संभावनाओं पर भी कार्य किया जाएगा.

आईआईटी भिलाई और सेंट्रेल नैनटेस के बीच यह साझेदारी उच्च शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय सहयोग को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है. इससे दोनों संस्थानों के विद्यार्थियों और शोधकर्ताओं को वैश्विक स्तर पर सीखने, अनुसंधान करने और ज्ञान साझेदारी के नए अवसर प्राप्त होंगे.

ये भी पढ़ें- CG News: मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के योग पर छिड़ा विवाद, पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने ‘कमल’ के अपमान का लगाया आरोप

ज़रूर पढ़ें