मौत का सफर! अंतागढ़-रायपुर लोकल ट्रेन में जान जोखिम में डालकर सफर कर रहे यात्री, Video वायरल
ट्रेन में मौत का सफर
CG News: इन दिनों ट्रेनों में लगातार भीड़ देखने को मिल रही है. इसी बीच अंतागढ़-रायपुर डेमू ट्रेन में भीड़ ज्यादा होने के कारण यात्री जान जोखिम में डालकर सफर कर रहे हैं. वहीं सोशल मीडिया में वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि यात्री किस तरह से बोगी के अंदर जगह नहीं होने की वजह से गेट पर लटककर यात्रा करने को मजबूर हैं.
अंतागढ़-रायपुर लोकल ट्रेन में लटककर सफर कर रहे यात्री
सोशल मीडिया में वायरल हो रहा ये वीडियो ट्रेन से सफर कर रहे किसी यात्री ने बनाया है. यह वीडियो एक-दो दिन की नहीं, बल्कि ट्रेन में रोजाना यात्रा करने वाले उन छोटे व्यापारियों की, छात्रों की और मजदूरों की है, जो काम के सिलसिले में रोजाना बालोद-गुंडरदेही से मरोदा, दुर्ग या फिर रायपुर आना-जाना करते हैं.
बोगी की कमी से परेशान लोग
वहीं इसे लेकर यात्रियों का कहना है कि गुंडरदेही या फिर बालोद से दुर्ग-रायपुर तक आने-जाने के लिए ट्रेन की सबसे सस्ता और कम समय लेने वाला सफर होता है. लेकिन गिनती की ट्रेनें और उनमें भी आम लोकल ट्रेनों की तुलना में कम बोगी लगाए जाने से लोगों को मजबूरी में गेटों में लटककर यात्रा करना पड़ता है.
रेलवे प्रशासन नहीं दे रहा ध्यान
मिली जानकारी के मुताबिक, अंतागढ़-दुर्ग-रायपुर रुट पर यात्री ट्रेनों को चलाना रेलवे प्रशासन मजबूरी के तौर पर देखता है. दरअसल, इस रुट से भिलाई इस्पात संयंत्र के लिए लौह अयस्क का आपूर्ति की जाती है, और इस रुट का निर्माण भी इसी उद्देश्य की खातिर किया गया है. अगर यात्री ट्रेन चलाएंगे तो माल आपूर्ति प्रभावित होगी, जिसकी वजह से गिनती की ही यात्री ट्रेनों का परिचालन किया जाता है.