दिवाली में बस्तरवासियों ने खूब खाई मिठाई, अब आएगी शुद्धता की रिपोर्ट, लोगों की सेहत से खिलवाड़
खाद्य पदार्थों की जांच
Bastar Adulterated Sweets Report: दीपावली पर आपने भी मिठाइयां खरीदी होंगी, रंग, स्वाद और सजावट देखकर अपनों का मुंह मीठा भी कराया होगा, लेकिन जिन मिठाइयों की शुद्धता जांचने के लिए खाद्य विभाग ने दीपावली से पहले सैंपल लिए थे, उनकी जांच रिपोर्ट अब तक नहीं आई है. यानी मिठाइयां बिक गईं, लोग खा गए और त्योहार भी बीत गया. लेकिन विभाग अभी रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है. ऐसे में सवाल है कि अगर उन्हीं मिठाइयों में मिलावट या गुणवत्ता की गड़बड़ी निकली तो जिम्मेदारी किसकी होगी?
खाद्य पदार्थों की जांच होती है 300km दूर
दरअसल बस्तर में खाद्य पदार्थों की जांच व्यवस्था की हकीकत कुछ ऐसी है कि विभाग नमूने तो यहां से एकत्र करता है, लेकिन जांच के लिए उन्हें करीब 300 किलोमीटर दूर रायपुर भेजना पड़ता है. जगदलपुर में खाद्य पदार्थों की जांच के लिए स्थानीय लैब की व्यवस्था नहीं है. नतीजा यह कि जब तक रिपोर्ट आती है, तब तक संदिग्ध खाद्य सामग्री बाजार से निकलकर लोगों की थाली और पेट तक पहुंच चुकी होती है.
दीपावली के दौरान 37 नमूने भेजे गए
खुद खाद्य एवं औषधि प्रशासन की अधिकारी पूनम कुंजाम के मुताबिक सितंबर में 30 अक्टूबर में 36 और नवंबर में दीपावली के दौरान 37 नमूने एकत्र कर जांच के लिए रायपुर भेजे गए हैं. लेकिन दीपावली के दौरान लिए गए नमूनों की रिपोर्ट अब तक अप्राप्त है.
अब विभाग की इस व्यवस्था पर सवाल उठना लाजिमी है. आखिर खाद्य पदार्थों की शुद्धता जांचने का उद्देश्य क्या सिर्फ सैंपल लेना और रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई करना है? अगर दीपावली के बाद रिपोर्ट में मिठाइयों के नमूने अमानक पाए जाते हैं, तो क्या विभाग उन लोगों की सेहत की जिम्मेदारी लेगा, जो त्योहार के दौरान इन्हें खा चुके हैं? त्योहारों पर मिलावट का खतरा सबसे ज्यादा रहता है. ऐसे में जांच की रफ्तार भी उतनी ही तेज होनी चाहिए. लेकिन बस्तर में न अपनी जांच प्रयोगशाला है और न ही तत्काल जांच की पर्याप्त व्यवस्था, सवाल सिर्फ मिठाइयों का नहीं, बल्कि दूध, पनीर, घी और रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाले तमाम खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता का है.



