Raipur News: 30 स्पा सेंटरों पर एक साथ ताबड़तोड़ छापेमारी, इन दो जगह मिलीं आपत्तिजनक वस्तुएं… पुलिस ने देखे CCTV फुटेज
Raipur News: रायपुर. राजधानी रायपुर में पुलिस कमिश्नरेट ने अवैध गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए बड़ा शिकंजा कसा है. शहर के विभिन्न इलाकों में संचालित 30 अलग-अलग स्पा सेंटरों पर एक साथ औचक जांच अभियान चलाया गया.
इस बड़ी कार्रवाई को अंजाम देने के लिए पुलिस की 15 विशेष टीमों का गठन किया गया था, जिसमें राजपत्रित अधिकारियों समेत 100 से अधिक पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे. यह पूरी कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (वेस्ट जोन) रॉबिन्सन गुरिया, पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल जोन) तारकेश्वर पटेल और पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) दीपमाला कश्यप के मार्गदर्शन में तीनों जोन में एक साथ की गई.
इस दौरान सहायक पुलिस आयुक्त स्नेहिल साहू, नंदिनी ठाकुर और पूर्णिमा लामा के नेतृत्व में टीमों ने स्पा सेंटरों की फाइलों और व्यवस्थाओं को खंगाला.
इन दस्तावेजों और बिंदुओं की हुई जांच
- ग्राहकों के आने-जाने का रिकॉर्ड रजिस्टर
- सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली और रिकॉर्डिंग क्षमता
- संचालक, मैनेजर और कार्यरत कर्मचारियों का पुलिस वेरिफिकेशन
- कर्मचारियों के आयु संबंधी दस्तावेज और स्टाफ रजिस्टर
- परिसर के लीज, किराया और स्वामित्व से जुड़े वैध कागजात
- किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित या संदिग्ध गतिविधि की जांच
दो स्पा सेंटरों पर हुई प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
सघन जांच के दौरान डीडी नगर थाना क्षेत्र स्थित ‘एलिना स्पा सेंटर’ और पंडरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत अंबुजा मॉल में संचालित ‘ला थाई स्पा सेंटर’ में आपत्तिजनक वस्तुएं पाई गईं. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों स्पा सेंटरों के मैनेजर और कर्मचारियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कानूनी कदम उठाए हैं. रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने स्पष्ट किया है कि शहर में नियमों का उल्लंघन करने वाले स्पा सेंटरों पर आगे भी ऐसी सख्त निगरानी और कार्रवाई जारी रहेगी. नियमों की अनदेखी मिलने पर संचालकों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.