Ambikapur: जाने-माने अस्पताल में डॉक्टर निकला फर्जी, ICU में करता था जांच, डिग्री का QR स्कैन करने पर हुआ खुलासा
अंबिकापुर श्री महावीर हॉस्पिटल
Ambikapur Fake Doctor: छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है. यहां के गांधीनगर स्थित श्री महावीर हॉस्पिटल में एक डॉक्टर का फर्जी डिग्री के साथ इलाज करने का मामला सामने आया है. हैरानी की बात तो यह है कि, डॉक्टर ICU में अपनी सेवाएं देता था.मामला सामने आने के बाद डॉक्टर नुरैल आलम के खिलाफ पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है.
क्या है पूरा मामला ?
दरअसल, CMHO सरगुजा और नर्सिंग होम एक्ट के अधिकारी की टीम ने हाल ही में महावीर हॉस्पिटल की जांच की. इस दौरान डॉक्टरों और वहां के कर्मियों के डॉक्यूमेंट्स भी खंगाले गए. जांच में ICU में काम कर रहे डॉक्टर नुरैल आलम की डिग्री का जब QR कोड स्कैन किया गया तो वह किसी और ही डॉक्टर के नाम पर दर्ज थी.
कलेक्टर के निर्देश में दर्ज हुई FIR
इस मामले में सरगुजा कलेक्टर ने FIR दर्ज करने के निर्देश दिए. जिसके बाद CMHO ऑफिस ने थाने में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के आधार पर पुलिस ने फर्जी डॉक्टर के खिलाफ BNS की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर लिया है. वहीं पूरे मामले में जिस कंपनी ने फर्जी डॉक्टर को नियुक्त कराया था उस कंपनी के अधिकारियों से भी पूछताछ की जाएगी.
ये खबर भी जरूर पढ़ेंः ‘कुछ लोग मेरे लिए बद्दुआ मांग रहे..’, निधन से पहले का BJP विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का वीडियो वायरल
वहीं, जिले के कई हॉस्पिटलों में आउटसोर्सिंग के जरिए डॉक्टरों की भर्ती की गई है. कहा जा रहा है कि, स्वास्थ्य विभाग इसकी भी जांच करेगा. पुलिस कंपनी के अधिकारियों से सवाल करेगी . नहीं यह भी पता लगाएगी की फर्जी डॉक्टर ने कितने लोगों का इलाज किया है.