CG News: भिलाई स्टील प्लांट से करोड़ों के लोहे की चोरी का खुलासा, गोदाम से 100 टन से ज्यादा माल जब्त

CG News: भिलाई स्टील प्लांट से करोड़ों रुपये के लोहे की चोरी का बड़ा मामला सामने आया है. पुलिस ने छापेमार कार्रवाई करते हुए एक गोदाम से भारी मात्रा में संदिग्ध लोहा बरामद किया है.
Bhilai Steel Plant

भिलाई स्टील प्लांट

CG News: दुर्ग जिले के अकलोलडी गांव में भिलाई स्टील प्लांट से करोड़ों रुपये के लोहे की चोरी का बड़ा मामला सामने आया है. पुलिस ने छापेमार कार्रवाई करते हुए एक गोदाम से भारी मात्रा में संदिग्ध लोहा बरामद किया है. मौके पर मौजूद लोहे का जखीरा और भारी मशीनों को देखकर पुलिस और जांच एजेंसियां भी हैरान रह गईं.

गोदाम से भारी वाहन जब्त

दरअसल, भिलाई-3 थाना क्षेत्र अंतर्गत अकलोलडी गांव में दुर्ग पुलिस ने एक गोदाम को सील कर दिया है और वहां खड़े करीब एक दर्जन भारी वाहनों को जब्त किया गया है. जब्त वाहनों में पोकलेन मशीन, बुलडोजर, ट्रक और चेन माउंटेड मशीनें जैसे भारी उपकरण शामिल हैं. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह पूरा नेटवर्क लंबे समय से संगठित तरीके से संचालित किया जा रहा था.

ब्लू डस्ट परिवहन की आड़ में चोरी

वहीं, सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि ट्रांसपोर्टर संजय सिंह पर बीएसपी के भीतर से ट्रक ड्राइवरों के जरिए लोहा चोरी कराने का आरोप है. चोरी का माल अकलोलडी स्थित मोहम्मद सलीम के गोदाम में डंप किया जाता था, जहां से उसे अन्य स्थानों पर खपाया जाता था. पुलिस के अनुसार, ब्लू डस्ट परिवहन की आड़ में इस चोरी को अंजाम दिया जा रहा था.

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

पुलिस ने बताया कि चोरी किया गया लोहा इतना भारी था कि उसे बिना क्रेन या भारी मशीनों की मदद से उठाना संभव नहीं था. ऐसे में कई स्तरों पर मिलीभगत की आशंका जताई जा रही है. बीएसपी परिसर और आसपास करीब 400 सीसीटीवी कैमरे तथा सीआईएसएफ जवानों की तैनाती के बावजूद इतनी बड़ी मात्रा में लोहा बाहर निकलना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है.

मुख्य आरोपी फरार

उन्होंने बताया कि अब तक 100 टन से ज्यादा माल जब्त किया जा चुका है. मुख्य आरोपी संजय सिंह और गोदाम संचालक मोहम्मद सलीम फिलहाल फरार हैं, जिनकी तलाश में अलग-अलग टीमें जुटी हुई हैं.

ये भी पढे़ं- CG News: अंबिकापुर में 200 शिक्षकों से करोड़ों की ठगी, थाने पहुंचे शिक्षक, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

ज़रूर पढ़ें