सरपंच बनने का जुनून…63 साल की उम्र में पास की 10वीं की परीक्षा, रिजल्ट देख हर कोई हैरान
63 साल की उम्र में पास की 10वीं की परीक्षा
Sarpanch Dream at 63: कहते हैं न पढ़ाई करने कि कोई उम्र नहीं होती. बस मन में ललक होनी चाहिए. हरियाणा के महेंद्रगढ़ की रहने वाली सुशीला देवी, जिनकी उम्र 63 साल है. उन्होंने कुछ ऐसा कर दिखाया, जिसे देखकर हर कोई हैरान है. उनका कहना है कि अगर आप किसी भी चीज को दिल से चाहें, तो वो आपको मिल ही जाता है. सुशीला देवी ने सरपंच बनने के लिए ठाना और 63 साल की उम्र में 10वीं पास कर सबको चौंका दिया.
महेंद्रगढ़ जिले के देवनगर की रहने वाली सुशीला देवी बचपन में परिवार की सामाजिक सोच की वजह से पढ़ाई पूरी नहीं कर पाई थी. सुशीला देवी ने पांचवी तक पढ़ाई करने के बाद छोड़ दिया था, लेकिन उनके मन में हमेशा से ही पढ़ाई को लेकर कसक रही है. जो उन्हें अंदर ही अंदर कोस रही थी.
63 साल की उम्र में 10वीं पास
सुशीला देवी की पढ़ाई भले ही बचपन में छूट गई थी, लेकिन उन्होंने कभी हार नहीं माना. शादी के बाद भी हमेशा अखबार पढ़ती रहीं. रोज नई-नई चीजों के बारे में जानने के लिए उत्सुक रहती थीं. धीरे-धीरे पढ़ाई करते-करते उन्होंने मन बना लिया कि अब हमें 10वीं पास ही करना है. हालांकि, इसमें उनके पूरे परिवार का साथ मिला और उन्होंने 10वीं की परीक्षा पास कर ली.
ये भी पढ़ेंः ‘उनकी क्या गलती, जंतर-मंतर पर तिरंगा…’, सौरभ-आशुतोष को तिहाड़ जेल भेजने पर भड़के दिपके
रिजल्ट देख हर कोई हैरान
जब सुशीला देवी लगातार पढ़ाई करती रहीं, तो उनकी रुचि को देखते हुए एक दिन बेटे विष्णु ने राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान यानी एनआईओएस में 10वीं का फॉर्म भरवा दिया. जब परीक्षा परिणाम आया तो वह चौंकाने वाला था. क्योंकि सुशीला देवी को 79.6 प्रतिशत मिले. अब सुशीला देवी की हर तरफ तारीफ हो रही है. वहीं सुशीला देवी ने कहा कि पढ़ाई की कोई उम्र नहीं होती. बस मन में सीखने की इच्छा और ललक होनी चाहिए.