बिहार में छात्र प्रदर्शन के बाद पुलिस का बड़ा एक्शन, बेगूसराय में संदिग्धों की तस्वीरें जारी, कटिहार में 14 गिरफ्तार
बिहार पुलिस ने जारी की तस्वीरें
Bihar Student Protest: नीट पेपर लीक समेत कई मुद्दों को लेकर 23 जुलाई को बिहार के बेगूसराय और कटिहार में छात्रों ने विरोध-प्रदर्शन किया था. प्रदर्शन के दौरान दोनों जिलों में हालात बिगड़ गए. पुलिस पर पथराव और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप सामने आने के बाद प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है.
बेगूसराय में पुलिस ने 200 से ज्यादा संदिग्धों की तस्वीरें जारी कर लोगों से उनकी पहचान बताने की अपील की है, जबकि कटिहार में अब तक 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है.
बेगूसराय में क्या हुआ?
बेगूसराय में एआईएसएफ और आइसा के नेतृत्व में छात्रों ने नीट पेपर लीक और जंतर-मंतर पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में रैली निकाली गई थी. जीडी कॉलेज से शुरू हुआ मार्च डीएम कार्यालय तक पहुंचा, जहां जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया. मंच से आंदोलन समाप्त होने की घोषणा भी कर दी गई थी और प्रतिनिधिमंडल प्रशासन से मुलाकात कर चुका था.
हालांकि, इसके कुछ ही देर बाद माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया. पुलिस के अनुसार, भीड़ में मौजूद कुछ लोगों ने अचानक पुलिसकर्मियों पर पत्थर और रोड़े फेंकने शुरू कर दिए. इस घटना में कई पुलिसकर्मी और अन्य लोग घायल हुए, जबकि पुलिस वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए. हालात काबू में लाने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा.
घटना के बाद सीसीटीवी कैमरों की जांच
घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों और अन्य वीडियो फुटेज की जांच की. जांच के आधार पर 30 संदिग्धों की तस्वीरें सार्वजनिक की गई हैं और आम लोगों से उनकी पहचान करने में सहयोग मांगा गया है. इस मामले में अब तक मोहम्मद सनाउल्लाह, मोहम्मद शाहनवाज, अभिषेक कुमार और प्रशांत कुमार सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है.
वहीं, एआईएसएफ के राष्ट्रीय सचिव अमीन हमजा का कहना है कि आंदोलन शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त हो चुका था. उनके मुताबिक, बाद में कुछ असामाजिक तत्व भीड़ में शामिल हो गए और उन्होंने पत्थरबाजी कर पूरे आंदोलन की छवि खराब करने की कोशिश की.