दिल्ली: नशे में धुत युवक की तेज रफ्तार मर्सिडीज बनी काल, मॉर्निंग वॉक पर निकली बुजुर्ग महिला की मौत
हादसे के बाद कार की हालत
Delhi Narela accident: देश की राजधानी दिल्ली के नरेला इलाके में शनिवार को एक सड़क हादसे ने हर किसी को हैरान कर दिया. इस हादसे में 70 साल की एक महिला की मौत हो गई. पूरा हादसा नरेला के हिमालय अपार्टमेंट के बाहर हुआ,जहां तेज रफ्तार मर्सिडीज ने कई वाहनों को टक्कर मार दी. इसी दौरान सड़क पर सुबह की सैर के लिए निकली बुजुर्ग महिला उसकी चपेट में आ गईं.
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने कार चालक को पकड़ लिया. इसके बाद युवक को पुलिस के हवाले कर दिया. आरोपी की पहचान शुभम के तौर पर बताई जा रही है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि हादसे के समय वह नशे की हालत में था. इसके अलावा कार काफी तेज स्पीड से चला रहा था.
कार से मिली बीयर की केन
हादसे के बाद मर्सिडीज की जांच के दौरान उसमें बीयर की एक केन मिलने की बात सामने आई है. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार चालक की हालत भी सामान्य नहीं लग रही थी. हालांकि, चालक के शराब के नशे में होने की आधिकारिक पुष्टि मेडिकल जांच की अंतिम रिपोर्ट आने के बाद ही होगी.
पुलिस ने आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराया है. फिलहाल रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है. हादसे से जुड़े कुछ वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें आरोपी को मर्सिडीज के आसपास देखा जा सकता है.
पुलिस के अधिकारी का बेटा बताया जा रहा आरोपी
शुभम के बारे में बताया जा रहा है कि वह सोनीपत में पढ़ाई कर रहा है. उसके पिता हरियाणा पुलिस में सब-इंस्पेक्टर बताए जा रहे हैं. हालांकि, मामले में सामने आई इन जानकारियों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट होगी.
जांच में यह भी सामने आया है कि मर्सिडीज शुभम की अपनी कार नहीं थी. बताया जा रहा है कि उसने यह कार अपने दोस्त से एक दिन पहले किसी काम से मांगी थी. अब देखना होगा कि आगे आने वाले समय में पुलिस की तरफ से क्या कार्रवाई की जाती है.
मॉर्निंग वॉक पर निकली थीं महिला
हादसे में जान गंवाने वाली महिला नाम उर्मिला है. बताया जा रहा है कि वह रोजाना की तरह सुबह टहलने के लिए घर से निकली थीं. इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया.
ये भी पढ़ें: यूपी में RLD का बड़ा प्लान, नए प्रदेश अध्यक्ष ऐश्वर्य राज सिंह ने 2027 को लेकर खोले पत्ते