‘इतिहास को दबाया नहीं जा सकता…’, ‘सतलुज’ फिल्म हटने पर भड़के सुखबीर बादल
दिलजीत दोसांझ
Diljit Dosanjh Satluj Movie: दिलजीत दोसांझ की फिल्म ‘सतलुज’ को भारत में ओटीटी प्लेटफॉर्म ZEE5 से हटाए जाने के बाद विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है. अब शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने भी इस फैसले का खुलकर विरोध किया है. उन्होंने कहा कि फिल्म को इस तरह हटाना बेहद दुखद और चौंकाने वाला है. साथ ही इसे अभिव्यक्ति की आजादी और सच्चाई को दबाने की कोशिश बताया है.
सुखबीर बादल ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पंजाब के इतिहास के एक कठिन दौर को दिखाने वाली इस फिल्म को लोगों तक पहुंचने से रोकना सही नहीं है.
उनके मुताबिक, यह सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि उन घटनाओं को सामने लाने का प्रयास है जिन्हें आने वाली पीढ़ियों को जानना चाहिए. उन्होंने कहा कि पंजाब को अपने अतीत का सामना ईमानदारी से करना चाहिए, न कि उसे छिपाने की कोशिश करनी चाहिए.
ओटीटी पर भी नहीं रही फिल्म सतलुज
फिल्म ‘सतलुज’, जिसे पहले ‘पंजाब 95’ के नाम से बनाया गया था, मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालड़ा के जीवन पर आधारित है. यह फिल्म लंबे समय तक सेंसर से जुड़े विवादों में फंसी रही. रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म पर बड़ी संख्या में बदलाव करने की मांग की गई थी, जिसके चलते इसकी रिलीज कई बार टल गई. आखिरकार यह फिल्म ओटीटी पर रिलीज हुई, लेकिन भारत में रिलीज के दो दिन बाद ही इसे प्लेटफॉर्म से हटा दिया गया.
फिल्म हटाए जाने को लेकर ZEE5 ने क्या कहा?
ZEE5 ने कहा है कि मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए फिल्म को फिलहाल भारत में उपलब्ध नहीं रखा जाएगा. हालांकि प्लेटफॉर्म ने यह भी भरोसा दिलाया है कि कानूनी प्रक्रिया के तहत फिल्म को दोबारा दर्शकों तक पहुंचाने की कोशिश की जाएगी.
फिल्म हटने के बाद पंजाब में राजनीतिक बहस भी तेज हो गई है. कई नेताओं और सार्वजनिक हस्तियों ने इस फैसले पर सवाल उठाए हैं. वहीं अभिनेता दिलजीत दोसांझ ने भी कहा कि उन्हें पहले से अंदेशा था कि फिल्म को मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है.
ये भी पढ़ें:यूपी में बदला M-Y का मतलब! मोदी-योगी बनाम PDA, 2027 में किसका चलेगा दांव?