जिम में एक और मौत… वर्कआउट करते समय अचानक गिरे SOG के जवान, हार्ट अटैक की आशंका
जिम में वर्कआउट के दौरान SOG जवान गिरीश भट्ट की मौत
UttaraKhand News: उत्तराखंड के चंपावत जिले में जिम करते समय एक कांस्टेबल वर्कआउट करते समय अचानक गिर पड़ा. आनन-फानन में मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. कांस्टेबल गिरीश भट्ट पुलिस के SOG (स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप) में अपनी सेवाएं दे रहे थे. यह घटना शुक्रवार शाम करीब 4 बजे की है. फिलहाल, उनकी मौत किन वजहों से हुई है. इसके लिए विस्तृत मेडिकल जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार करना पड़ेगा.
जानकारी के मुताबिक, कांस्टेबल गिरीश भट्ट चंपावत के बनवसा में रहते थे. प्रतिदिन की तरह शुक्रवार को भी जिम में एक्सरसाइज करने पहुंचे थे. लेकिन अचानक जिम में गिर पड़े और उनकी तबीयत खराब हो गई. आनन-फानन में उन्हें एक निजी अस्पताल में ले जाया गया. जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. गिरीश भट्ट अपनी फिटनेस को लेकर काफी एक्टिव रहते थे. किसी को भी उनकी फिटनेस देखकर ऐसा अंदाजा नहीं था कि अचानक तबीयत खराब होने पर मौत हो जाएगी.
जिम में एक और मौत…
— Shweta Rai (Vistaar News) (@Shwetaraiii) June 21, 2026
वीडियो उत्तराखंड के चंपावत का है, 38 साल के पुलिस जवान गिरीश भट्ट जिम में एक्सरसाइज कर रहे थे, अचानक गिरे और मौत हो गई pic.twitter.com/rY6O1qJsMn
कार्डियक अरेस्ट से मौत की संभावना
गिरीश भट्ट मूल रूप से उत्तराखंड के ही पिथौरागढ़ के रहने वाले हैं. जो उत्तराखंड पुलिस के सर्विलांस ऑफिस टनकपुर में SOG (स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप) में थे. फिलहाल, उनकी मौत की असली वजह अभी पता नहीं चल पाई है, लेकिन माना जा रहा है कि कार्डियक अरेस्ट की वजह से उनकी जान गई होगी. हालांकि, कुछ भी कहने से पहले जांच रिपोर्ट का इंतजार करना चाहिए.
ये भी पढ़ेंः ‘भरत तिवारी की किस्मत में मरना लिखा था, इसलिए मर गया’, निलंबित थानेदार राजेश मालाकार का विवादित बयान
इलाके में पसरा मातम
गिरीश भट्ट अपने पीछे पत्नी और दो बेटों से भरा परिवार छोड़ गए हैं. बेटे अभी पढ़ाई कर रहे हैं. गिरीश भट्ट की पहचान विभाग में तेज-तर्रार पुलिसकर्मियों में थी. उन्होंने कई बड़े खुलासों में अहम भूमिका निभाई थी. फिलहाल, उनकी मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है.