‘मैं तुम्हारा बॉस हूं…’, महिला अफसर पर अपशब्द कह भड़के IAS राजीव रंजन, CM उमर ने लिया संज्ञान
सीनियर आईएस ने महिला को बोले अपशब्द
Jammu Kashmir News: जम्मू-कश्मीर में सीनियर IAS अधिकारी और महिला अफसर के बीच हुई तीखी बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. वीडियो में IAS अधिकारी कुमार राजीव रंजन महिला अधिकारी बेनीश वानी पर नाराज होते दिख रहे हैं. इसके साथ ही कथित तौर पर अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करते दिखाई दे रहे हैं. मामला सामने आने के बाद प्रशासनिक व्यवस्था और सरकारी अधिकारियों के व्यवहार को लेकर सवाल उठने लगे हैं.
यह घटना 14 अक्टूबर को ‘मिशन युवा’ की समीक्षा बैठक के दौरान हुई. बैठक में रोजगार से जुड़े कामकाज और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) की भूमिका पर चर्चा हो रही थी. इसी दौरान गांदरबल में रोजगार एवं परामर्श केंद्र की सहायक निदेशक बेनीश वानी अपनी बात रख रही थीं. बताया जा रहा है कि रंजन उनकी दलील से नाराज हो गए और उन्हें चुप रहने के लिए कहने लगे.
वीडियो में राजीव रंजन को यह कहते सुना जा सकता है कि वह उनके बॉस हैं. उनसे इस तरह बात कर सकते हैं. आरोप है कि उन्होंने महिला अधिकारी के लिए आपत्तिजनक शब्दों का भी इस्तेमाल किया. इस पर बेनीश वानी ने विरोध जताते हुए कहा कि उनसे इस तरह बात नहीं की जा सकती. बहस बढ़ने पर रंजन ने कथित तौर पर उनके निलंबन का आदेश तैयार करने को भी कहा.
उमर अब्दुल्ला ने लिया संज्ञान
मामले पर जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने 16 अक्टूबर को प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि उन्होंने इस मामले को मुख्य सचिव के सामने गंभीरता से उठाया है. मुख्यमंत्री के मुताबिक, वरिष्ठ अधिकारी का व्यवहार उस पद की गरिमा के अनुरूप नहीं था. उन्होंने यह भरोसा भी दिलाया कि महिला अधिकारी के खिलाफ बदले की भावना से कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी.
महिला अधिकारी ने वीडियो को बताया असली
बेनीश वानी ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि वीडियो न तो मॉर्फ किया गया है और न ही AI की मदद से बनाया गया है. रिपोर्टों के मुताबिक, पैर में फ्रैक्चर होने के बावजूद वह छुट्टी के दौरान घर से ऑनलाइन बैठक में शामिल हुई थीं. उन्होंने अधिकारियों के सम्मान और महिला की गरिमा बनाए रखने की जरूरत पर जोर दिया.
राजनीतिक दलों ने कार्रवाई की मांग की
वीडियो सामने आने के बाद पीडीपी नेताओं समेत कई लोगों ने राजीव रंजन के व्यवहार की आलोचना की है. महबूबा मुफ्ती ने भी मुख्यमंत्री से मामले में सख्त कार्रवाई करने की मांग की है.फिलहाल मामला चर्चा में है और विभाग ने इसे लागू नियमों के तहत आगे बढ़ाने की बात कही है. मुख्यमंत्री के संज्ञान लेने के बाद अब इस मामले में प्रशासन की अगली कार्रवाई पर नजर रहेगी.
ये भी पढ़ें:महिला आरक्षण बिल की तैयारी… सरकार जल्द बुला सकती है संसद का विशेष सत्र