’10 हजार लोगों को नौकरी दिलाऊंगा’, चुनाव जीतने के बाद प्रशांत किशोर का बड़ा ऐलान
प्रशांत किशोर (फाइल फोटो)
Prashant Kishor Job Announcement: जनसुराज पार्टी के मुखिया और बिहार की बांकीपुर सीट से विधायक प्रशांत किशोर ने बड़ा ऐलान किया है. उन्होंने कहा कि जल्द ही प्रदेश के करीब 10 हजार बच्चों की नौकरी लगवाने की व्यवस्था करेंगे. यानि कि अब प्रदेश के करीब 10 हजार लोगों को रोजगार मिल सकेगा. उन्होंने कहा कि अभी हमारी सरकार नहीं है. इसलिए नौकरी के लिए बाहर जाना पडे़गा, लेकिन हमारी सरकार आते ही बिहार के बाहर भी नहीं जाना पड़ेगा. यहीं व्यवस्था कराई जाएगी. जानें प्रशांत किशोर ने क्या कहा?
दरअसल, आज मंगलवार को प्रशांत किशोर शहीद राम गोविंद सिंह गर्ल्स हाई स्कूल का दौरा करने पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने के बाद कुछ लोग हमें गाली दे रहे हैं. उनका कहना है कि चुनाव जीतने के बाद 5-7 दिनों से कहां घूम रहे हैं. हम उन्हें बता दें, कि घूम नहीं रहे, बल्कि आपके रोजगार के लिए काम कर रहे हैं. यही बताने के लिए यहां पहुंचे हैं.
जीत के बाद क्या कर रहे थे प्रशांत किशोर? pic.twitter.com/nFv9Y8jo6E
— Jan Suraaj (@jansuraajonline) August 11, 2026
10 हजार बच्चों को नौकरी दिलाने का वादा
उन्होंने कहा कि हमारा जिन लोगों से संबंध है. हमने जो जीवन में कमाया है. हमने उन सबको बोल दिया है कि लड़कों को नौकरी की व्यवस्था कराओ. इस दौरान उन्होंने कहा कि अगर आपका भी बच्चा पढ़ लिख लिया है और बेरोजगार घूम रहा है तो सीवी लाकर हमारे ऑफिस में दीजिए. कम से कम 10 हजार बच्चों को नौकरी की व्यवस्था करेंगे. अभी हमारी सरकार प्रदेश में नहीं है, इसलिए नौकरी के लिए बाहर जाना पड़ सकता है, लेकिन जब व्यवस्था बिहार में बनेगी तो आपके बच्चों को कहीं बाहर नहीं जाना पड़ेगा.
सालभर का मांगा समय
प्रशांत किशोर ने कहा कि आमतौर पर नेता जीतने के बाद फिर जब चुनाव होता है. तभी नजर आता है, लेकिन हम आपसे वापस मिलने आए हैं. आप हमें साल भर का समय दीजिए. आपको अमूलचूक परिवर्तन देखने को मिलेगा. इसके साथ ही उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में सुधार को लेकर बात की.