जयपुर में पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग, धमाकों से दहला इलाका; 7 की मौत, कई झुलसे

Jaipur Factory Fire: राजस्थान की राजधानी जयपुर में पटाखा फैक्‍ट्री में आग लगने से 7 लोगों की मौत हो गई. जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. फिलहाल 2 शवों की पहचान नहीं हो पाई है. दूसरी तरफ एफएसएल की टीम जांच में जुट गई है.
factory blast

जयपुर फैक्‍ट्री ब्‍लास्‍ट

Jaipur Factory Fire: राजस्थान की राजधानी जयपुर के खोह नागोरियान इलाके में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक पटाखा फैक्‍ट्री में अचानक भीषण आग लग गई. आग के साथ कई धमाकों की आवाजें सुनाई दीं, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई. हादसे में अब तक 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से झुलस गए, जिनको इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. 2 मृतकों की शिनाख्त नहीं हुई है. जबकि 5 लोगों की शिनाख्त हो चुकी है. इसमें एक 15 साल का बच्चा भी शामिल है.

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पहले फैक्ट्री के भीतर धुआं उठता दिखाई दिया, इसके कुछ ही देर बाद तेज विस्फोट होने लगे. आग इतनी तेजी से फैली कि अंदर मौजूद लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला.आसपास के मकानों और दुकानों में रहने वाले लोग भी घबराकर सड़कों पर आ गए.

मौके पर पहुंची टीम

सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है.

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि फैक्ट्री में रखे ज्वलनशील पदार्थों के कारण आग ने विकराल रूप ले लिया. प्रशासन यह भी जांच कर रहा है कि इकाई के पास आवश्यक लाइसेंस और सुरक्षा इंतजाम मौजूद थे या नहीं. कुछ रिपोर्टों में इसे अवैध रूप से संचालित इकाई होने की आशंका भी जताई गई है.

जांच में जुटी एफएसएल की टीम

घटना के बाद पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है. फॉरेंसिक और प्रशासनिक टीमें आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच कर रही हैं. अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.  टीम यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आग किस वजह से लगी और धमाके कैसे हुए. घटनास्थल से सबूत एकत्र किए जा रहे हैं ताकि हादसे की असली वजह सामने आ सके.

ये भी पढ़ें:‘थोड़ी शर्म रखो और रीढ़ की हड्डी को मजबूत बनाओ…’, यूसुफ पठान किसके साथ? महुआ मोइत्रा ने बोला हमला

ज़रूर पढ़ें