‘मेरी हत्या की साजिश रची जा रही है…’, आकाश यादव के खिलाफ थाने पहुंचे तेज प्रताप, कराया मामला दर्ज
तेज प्रताप यादव
bihar politics: बिहार की राजनीति में एक बार फिर तेज प्रताप यादव चर्चा के केंद्र बने हुए हैं. इस बार उन्होंने अनुष्का यादव के भाई आकाश यादव पर गंभीर आरोप लगाते हुए पटना के सचिवालय थाने में शिकायत दर्ज कराई है. तेज प्रताप का दावा है कि उनके खिलाफ सुनियोजित तरीके से हत्या की साजिश रची जा रही है और उनकी जान को खतरा है.
शुक्रवार देर रात थाने पहुंचे तेज प्रताप ने पुलिस को दिए आवेदन में कहा कि कुछ लोग उन्हें बदनाम करने और नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने आकाश यादव के साथ-साथ मोतीलाल नामक व्यक्ति की भूमिका पर भी सवाल उठाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है.
क्या है पूरे विवाद की वजह
यह विवाद ऐसे समय सामने आया है जब तेज प्रताप और अनुष्का यादव से जुड़े मामलों को लेकर पहले से ही राजनीतिक और कानूनी खींचतान चल रही है. हाल ही में आकाश यादव ने भी तेज प्रताप के खिलाफ कई आरोप लगाते हुए अदालत और पुलिस का दरवाजा खटखटाया था।.
आकाश का आरोप है कि तेज प्रताप उनके घर पहुंचे थे और परिवार को धमकाने की कोशिश की गई थी. इस संबंध में पहले से एक एफआईआर भी दर्ज की जा चुकी है.
तेज प्रताप ने की जांच की मांग
तेज प्रताप ने अपनी शिकायत में कहा कि उनके खिलाफ चल रही गतिविधियों को हल्के में नहीं लिया जाना चाहिए और पुलिस को पूरे मामले की गहराई से जांच करनी चाहिए.उन्होंने दावा किया कि कुछ घटनाओं और हालिया घटनाक्रमों ने उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है.
फिलहाल पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि दोनों पक्षों के आरोपों और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. इस हाई-प्रोफाइल विवाद ने बिहार की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है और आने वाले दिनों में इस मामले पर नजर बनी रहेगी.