कोलकाता एयरपोर्ट से TMC विधायक परेशराम दास गिरफ्तार, रेप समेत कई मामलों में हैं आरोपी
TMC MLA Paresh Ram Das
TMC MLA Paresh Ram Das: तृणमूल कांग्रेस (TMC) के विधायक परेश राम दास को सोमवार को कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया गया. वह दक्षिण 24 परगना जिले की कैनिंग पश्चिम विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं.
पुलिस के अनुसार, विधायक के खिलाफ दुष्कर्म, जबरन वसूली और चुनाव के बाद हुई हिंसा से जुड़े कई मामले दर्ज हैं. बताया जा रहा है कि वह कथित तौर पर जांच से बचने के लिए कोलकाता से मुंबई जाने की तैयारी में थे. इसी दौरान बारुईपुर पुलिस की विशेष टीम ने उन्हें एयरपोर्ट से पकड़ लिया.
लंबे समय से फरार थे विधायक
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, परेश राम दास लंबे समय से फरार चल रहे थे. सोमवार दोपहर उनकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस उन्हें दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर ले जाने की तैयारी में थी. अधिकारियों ने बताया कि विधायक को मंगलवार को अदालत में पेश किया जाएगा. पुलिस अब उनसे जुड़े मामलों की जांच और आगे की कानूनी प्रक्रिया पर काम कर रही है.
TMC कार्यालय में छापेमारी करोड़ो रुपये बरामद
इस बीच, तृणमूल कांग्रेस के एक पार्टी कार्यालय से बड़ी मात्रा में नकदी मिलने का मामला भी सामने आया है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, बरामद रकम एक करोड़ दो लाख रुपये से अधिक है. यह कार्रवाई पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के निजी सहायक सुमित रॉय से पूछताछ के बाद की गई थी.
पूछताछ में मिले सुराग के आधार पर कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, सुमित रॉय से पूछताछ के दौरान मिले एक अहम सुराग के आधार पर डायमंड हार्बर पुलिस स्टेशन के अंतर्गत सरिशा इलाके में स्थित TMC के एक कार्यालय पर छापा मारा गया था. पुलिस अब बरामद नकदी के स्रोत और इस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है.



