मंत्रालय में पहुंचा गुमनाम खत! केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह को जान से मारने की धमकी, FIR दर्ज

Giriraj Singh Death Threat:केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह को जान से मारने की धमकी मिली है. उनको यह धमकी एक पत्र के जरिए मिली है, जो सीधे  मंत्रालय में पहुंचा था. अब इस मामले में बेगूसराय में FIR दर्ज कर ली गई है.
Giriraj Singh

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह

Giriraj Singh death Threat: केंद्रीय मंत्री और बेगूसराय से सांसद गिरिराज सिंह को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है. इसके बाद से ही हड़कंप मच गया. मंत्री को यह  धमकी एक गुमनाम चिट्ठी के जरिए दी गई, जो नई दिल्ली स्थित उनके मंत्रालय के कार्यालय में डाक से भेजी गई थी. मामले में बेगूसराय टाउन थाने में एफआईआर दर्ज की गई है. फिलहाल पुलिस धमकी भरा पत्र भेजने वाले को तलाश में जुटी है.

गिरिराज स‍िंह को जान से मारने की धमकी का पूरा मामला 3 सितंबर का है. पुलिस की तरफ से बताया गया कि धमकी भरा पत्र इंग्लिश भाषा में लिखा गया था. चिट्ठी में आतंकवादियों का भी जिक्र किए जाने की बात कही गई है.

मंत्री के PA योगेंद्र सिंह ने इस मामले की जानकारी बेगूसराय के SP को दी. जिसके बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि धमकी भरी चिट्ठी आखिर किसने भेजी और इसके पीछे उसकी क्या मंशा थी.

चिट्ठी में क्‍या-क्‍या लिखा है?

जांच के दौरान पुलिस को चिट्ठी में दो मोबाइल नंबर और कर्नाटक के कोलार जिले का एक पता मिला है. यह पता श्रीनिवासपुर तालुक के एक गांव का बताया जा रहा है. पत्र में एक व्यक्ति का नाम भी दर्ज है.

एफआईआर में फिलहाल चिट्ठी भेजने वाले की पहचान अज्ञात रखी गई है. पुलिस ने पत्र में मौजूद नाम, पता और मोबाइल नंबरों को जांच का हिस्सा बनाया है.

किस बात का पता लगा रही पुल‍िस

अधिकारी इस बात का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि पत्र में जो डिटेल दी गई है, वह सही है या नहीं. या फिर जांच को दूसरी दिशा में भटकाने के लिए इस तरह की कोशिश की गई है.

पुलिस चिट्ठी भेजने वाले की पहचान के साथ-साथ धमकी के पीछे की वजह का भी पता लगाने में जुटी है. जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि धमकी कितनी गंभीर थी और इसके पीछे कौन लोग हैं.

ये भी पढ़ें:जहरीली शराब कांड के आरोपी राम सिंह लोधी की मौत, सागर मेडिकल कॉलेज में चल रहा था इलाज

ज़रूर पढ़ें