‘सरेंडर किया फिर भी पुलिस ने मार दिया’, परिजनों ने एनकाउंटर पर उठाए सवाल, थानेदार पर पिस्टल तानने वाला कौन था भरत तिवारी?
भरत तिवारी एनकाउंटर
Bihar Crime: बिहार के भोजपुर जिले में भरत भूषण नाम का एक युवक पुलिस कार्रवाई के दौरान थानेदार पर ही पिस्टल तान दिया, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. अब पुलिस ने उसे एनकाउंटर में मार गिराया है. भरत की मौत को लेकर परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने सरेंडर करने के बाद भी गोली मारकर हत्या कर दी. जबकि पुलिस इस कार्रवाई को आत्मरक्षा में की गई कार्रवाई बता रही है. फिलहाल, मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की जा रही है. जानें क्या है पूरा मामला?
मृतक के परिजनों का आरोप है कि बुधवार की सुबह पुलिस और एसटीएफ की टीम घर पहुंचकर दरवाजा खुलवाया और सभी का मोबाइल जमा कर लिया. इस दौरान पुलिस ने धमकाते हुए कहा कि अगर भरत सामने नहीं आया, तो पूरे परिवार को इसका परिणाम भुगतना होगा. जबकि पुलिस का कहना है कि कई बार भरत को आत्मसमर्पण करने को कहा गया, लेकिन उसने ऐसा नहीं किया. जिसके बाद जवाबी कार्रवाई की गई, जिसमें उसकी जांघ में गोली लगी और इलाज के दौरान मौत हो गई.
भरत का आपराधिक रिकॉर्ड नहीं
मृतक भरत के परिजनों ने बताया कि उसका कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं रहा है. भरत हमेशा समाजसेवा से जुड़ा काम करता था. करीब 1 महीने से वह प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मिलकर गांव में बाढ़ और कटाव की समस्या को लेकर लगातार आवाज उठा रहा था, लेकिन उसकी शिकायतों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई. भरत प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करता था और बीएससी अंतिम वर्ष का छात्र भी है.
ये भी पढे़ंः बिहार: मुजफ्फरपुर में पुलिस चेकिंग के दौरान बाइक रोकते ही बौखलाया कातिल, पुलिस टीम पर कर दी फायरिंग
इलाज के दौरान भरत की अस्पताल में मौत
वहीं, इस एनकाउंटर को लेकर पुलिस का कहना है कि भरत ने कथित रूप से एक अवैध पिस्टल लेकर फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर रहा था. जिसकी जांच के लिए पुलिस बल के साथ उसके घर पहुंचे थे. इस दौरान वह हाथ में पिस्टल लिए हुए अधिकारियों को धमकाता रहा और बाद में पिस्टल तान दिया. इतना ही नहीं बाद में फेसबुक पर लाइव आकर आपत्तिजनक टिप्पणी की. पुलिस ने जब उसे आत्मसमर्पण करने को कहा तो उसने इनकार कर दिया और पुलिस टीम पर फायरिंग की. जवाबी कार्रवाई के दौरान भरत के पैर में गोली लग गई, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां उसकी मौत हो गई.