बारिश में इन 5 चीजों से बना लें दूरी, वरना बिगड़ सकती है सेहत, जानें मानसून में क्या नहीं खाना चाहिए
मानसून में स्वास्थ्य रहने के लिए इन चीजों का सेवन न करें
Five Foods Risk Your Health: बरसात का मौसम अपने साथ कई तरह की स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां लेकर आता है. खासकर जिन लोगों की इम्यूनिटी कमजोर होती है, उनके बीमार पड़ने का खतरा ज्यादा रहता है. ऐसे में इस मौसम में खान-पान का खास ध्यान रखना जरूरी है. अपनी डाइट में कुछ चीजों से दूरी बनाकर आप कई परेशानियों से बच सकते हैं. यहां हम आपको ऐसी 5 चीजों के बारे में बता रहे हैं, जिन्हें बारिश के मौसम में खाने से बचना चाहिए.
हरी पत्तेदार सब्जियों से बचें
बारिश के मौसम में हरी पत्तेदार सब्जियों को खाने से पहले सावधानी बरतनी चाहिए. नमी और उमस के कारण इनकी पत्तियों पर बैक्टीरिया और दूसरे कीटाणु आसानी से पनप सकते हैं. इसलिए मानसून में पालक, पत्ता गोभी और फूल गोभी जैसी सब्जियों का सेवन कम करना या अच्छी तरह साफ करके ही खाना बेहतर माना जाता है.
ऑइली और फास्ट फूड न खाएं
बारिश के मौसम में ज्यादा तला-भुना और ऑइली खाना पेट के लिए परेशानी खड़ी कर सकता है. इस मौसम में डाइजेस्टिव सिस्टम जिससे गैस, अपच और पेट दर्द जैसी समस्याएं हो सकती हैं. इसलिए समोसे, पकौड़े और दूसरे फास्ट फूड का ज्यादा सेवन करने से बचें.
दही का सेवन कम करें
मानसून के दौरान दही का रोजाना और ज्यादा सेवन करने से बचना चाहिए. नमी के कारण डेयरी चीजों में बैक्टीरिया पनपने का खतरा बढ़ सकता है. ऐसे में अगर दही ताजा न हो तो पेट से जुड़ी परेशानी हो सकती है. इसलिए बारिश में दही खाते समय उसकी ताजगी का खास ध्यान रखें.
सी-फूड से रहें दूर
बारिश के मौसम में मछली और दूसरे सी-फूड का सेवन करते समय विशेष सावधानी जरूरी है. इस दौरान मछलियों में बैक्टीरिया का खतरा बढ़ सकता है. इन्हें ठीक से साफ या पकाकर न खाने पर फूड पॉइजनिंग की समस्या हो सकती है. इसलिए मानसून में सी-फूड का सेवन सोच-समझकर करें.
ये भी पढ़ें-बच्चों को खाना खिलाते समय न दें मोबाइल, रुजुता दिवेकर ने बताया इसकी वजह और सही तरीका
कटे हुए फल और सलाद न खाएं
बारिश के मौसम में लंबे समय तक खुले में रखे कटे हुए फल और सलाद खाने से बचना चाहिए. नमी और गर्म वातावरण के कारण इनमें बैक्टीरिया जल्दी पनप सकते हैं. इससे पेट खराब होने का खतरा बढ़ सकता है. इसलिए हमेशा ताजे फल खाएं और फल या सलाद काटने के तुरंत बाद उसका सेवन करें.