Bhopal: भोपाल में होली पर पुलिस ने जारी की साइबर एडवाइजरी, फर्जी ऑफर और आपत्त‍िजनक पोस्‍टर से रहें सावधान

Bhopal: होली को लेकर भोपाल पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है. होली पर्व के दौरान साइबर फ्रॉड से सतर्क रहने के लिए पुलिस ने विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं.
Police issued advisory on Holi

हाेली पर पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

Bhopal News: होली को लेकर भोपाल पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है. होली पर्व के दौरान साइबर फ्रॉड से सतर्क रहने के लिए पुलिस ने विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं. एडवाइजरी में पुलिस ने लोगों को सावधान करते हुए कहा है कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक पोस्ट न बनाएं और न ही किसी ग्रुप या व्यक्ति को शेयर करें. यदि सोशल मीडिया पर कोई आपत्तिजनक पोस्ट दिखाई दे तो तुरंत साइबर पुलिस या नजदीकी थाने को सूचित करें.

सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक कंटेंट न करें शेयर

होली से जुड़े किसी भी प्रकार के आपत्तिजनक या एडिटेड कंटेंट, फोटो, वीडियो या भ्रामक पोस्ट को शेयर करना अथवा किसी भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से सर्कुलेट या फॉरवर्ड करना अपराध है. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसा कृत्य करने वालों के विरुद्ध आपराधिक प्रकरण दर्ज कर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी.

फर्जी ऑफर और लिंक से रहें दूर

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया, ईमेल या मैसेज पर मिलने वाले होली ऑफर या तथाकथित ‘गिफ्ट लिंक’ पर क्लिक न करें. अज्ञात वेबसाइटों से किसी भी प्रकार का ऐप या फाइल डाउनलोड करने से बचें, क्योंकि इससे साइबर ठगी का खतरा बढ़ सकता है.

डिजिटल पेमेंट में बरतें विशेष सतर्कता

डिजिटल लेन-देन करते समय विशेष सावधानी बरतें. UPI, QR कोड या पेमेंट लिंक का उपयोग केवल विश्वसनीय स्रोत से ही करें. किसी भी अनजान व्यक्ति को OTP, PIN या पासवर्ड साझा न करें, क्योंकि इससे बैंक खाते से राशि निकाली जा सकती है.

त्योहारों के दौरान बढ़ते हैं साइबर ठगी के मामले

पुलिस ने बताया कि लगातार साइबर ठगी के मामले बढ़ रहे हैं. खासतौर पर त्योहारों के समय लोग ऑफर और डिस्काउंट के लालच में अधिक ठगी का शिकार हो जाते हैं. इसी कारण पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. पुलिस ने अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति साइबर अपराध का शिकार होता है तो वह तुरंत पुलिस को सूचना दे, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके.

ये भी पढे़ं- Bhopal: भोपाल में होली की तैयारियां तेज, 1500 से ज्यादा जगहों पर होगा होलिका दहन, 4 मार्च को रंगोत्सव

ज़रूर पढ़ें