Bhopal: सरकार के आदेश के बाद निरीक्षण करने पहुंची खाद्य टीम, डेयरी से जब्त किया 116 किलो पनीर, जांच के लिए भेजे सैंपल

Bhopal News: विभाग की टीमों ने देर रात तक शहर में पनीर की गुणवत्ता की जांच की. इस दौरान जैन डेयरी से 116 किलो पनीर जब्त किया गया. इसके नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं.
Food department cracks down on analog cheese

एनालॉग पनीर पर खाद्य विभाग की सख्‍ती

Bhopal News: मध्य प्रदेश में एनालॉग पनीर की बिक्री पर प्रतिबंध के बाद खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने भोपाल में भी जांच तेज कर दी है. विभाग की टीमों ने देर रात तक शहर में पनीर की गुणवत्ता की जांच की. इस दौरान जैन डेयरी से 116 किलो पनीर जब्त किया गया. इसके नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं.

जैन डेयरी में पनीर की गुणवत्ता पर संदेह

निरीक्षण के दौरान जैन डेयरी में रखे पनीर की गुणवत्ता और स्वरूप को लेकर अधिकारियों को संदेह हुआ. इसके बाद खाद्य सुरक्षा टीम ने पनीर जब्त कर लिया. जब्त किए गए पनीर की अनुमानित कीमत करीब 34 हजार 800 रुपए बताई गई है.

खाद्य सुरक्षा नियमों के तहत कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा विभाग ने एनालॉग या वैकल्पिक उत्पादों को पनीर के नाम पर बेचने से जुड़े नियमों को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की है. विभाग के अनुसार किसी दूसरे उत्पाद को असली पनीर के रूप में बेचकर ग्राहकों को भ्रमित करना खाद्य सुरक्षा और लेबलिंग से जुड़े प्रावधानों का उल्लंघन हो सकता है.

लैब रिपोर्ट आने तक नहीं होगा अंतिम फैसला

अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट आने से पहले जब्त पनीर को एनालॉग पनीर घोषित नहीं किया गया है. प्रयोगशाला में किए गए परीक्षण के बाद ही इसकी वास्तविक संरचना और गुणवत्ता को लेकर अंतिम निष्कर्ष निकाला जाएगा.

मानक से बाहर मिला तो होगी वैधानिक कार्रवाई

यदि जांच में पनीर का नमूना निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों पर खरा नहीं उतरता है या उसमें दूध की जगह किसी अन्य वसा अथवा वनस्पति वसा आधारित सामग्री का इस्तेमाल पाया जाता है, तो खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 और संबंधित नियमों के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

क्या है एनालॉग पनीर

दरअसरल, जो असली पनीर होता है वो दूध से बनता है. वहीं एनालॉग पनीर दूध की जगह पाम आयल, सस्‍ते वनस्‍पति सोयाबीन और तेल स्‍टार्च के साथ कई प्रकार के केमिकल से तैयार किया जाता है. इस पनीर को खाने से दिल की गंभीर बीमारियां, खराब काेलेस्‍ट्रॉल, मोटापा और पाचन सं संबंधी कई समस्‍याएं होती है.

ये भी पढे़ं- MP में मिलावटी दूध-पनीर के खिलाफ बड़ा अभियान, 2,283 सैंपल लिए गए, 48,396 किलो खाद्य सामग्री जब्त

ज़रूर पढ़ें