MP में डेढ़ लाख पदों पर भर्ती की तैयारी तेज, 2027 में होंगी दो PSC परीक्षाएं

MP News: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश के बाद मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने मंत्रालय में वरिष्ठ अधिकारियों और सभी विभागाध्यक्षों के साथ बैठक कर रिक्त पदों, सीधी भर्ती और राज्य सेवा परीक्षाओं की तैयारियों की समीक्षा की.
Vallabh Bhavan, Bhopal

वल्लभ भवन भोपाल

MP News: मध्य प्रदेश में सरकारी नौकरी का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए भर्ती प्रक्रिया को लेकर सरकार ने तैयारी तेज कर दी है. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश के बाद मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने मंत्रालय में वरिष्ठ अधिकारियों और सभी विभागाध्यक्षों के साथ बैठक कर रिक्त पदों, सीधी भर्ती और राज्य सेवा परीक्षाओं की तैयारियों की समीक्षा की.

सरकार की योजना प्रदेश में करीब डेढ़ लाख पदों पर सीधी भर्ती करने की है. इसके साथ ही वर्ष 2027 में नियमित राज्य सेवा परीक्षा के अलावा विशेष राज्य सेवा परीक्षा आयोजित करने की तैयारी भी की जा रही है. मुख्य सचिव ने विभागों को रिक्त पदों का आकलन कर निर्धारित समय-सीमा में भर्ती प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए हैं.

सरकार के इस कदम से उन युवाओं की उम्मीदें बढ़ी हैं, जो लंबे समय से सरकारी विभागों में भर्ती का इंतजार कर रहे हैं. अब तक भर्ती प्रक्रिया में सबसे बड़ी चुनौती विभागों से रिक्त पदों की जानकारी और समय पर प्रस्ताव नहीं मिलना रही है. इसी को देखते हुए मुख्य सचिव ने सभी विभागों को स्पष्ट समय-सीमा दी है, ताकि भर्ती कैलेंडर तैयार करने और परीक्षाएं आयोजित करने में देरी न हो.

डेढ़ लाख पदों पर भर्ती की तैयारी

बैठक में मुख्य सचिव ने कहा कि पदोन्नति और सेवानिवृत्ति से खाली हुए पदों पर सीधी भर्ती की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाए. करीब डेढ़ लाख पदों पर भर्ती मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग और कर्मचारी चयन मंडल के माध्यम से की जानी है. इसके लिए सभी विभागों को रिक्त पदों का आकलन कर भर्ती का रोडमैप बनाने के निर्देश दिए गए हैं. बैठक में बताया गया कि पीएससी को 6,588 और कर्मचारी चयन मंडल को 17,299 पदों पर सीधी भर्ती के प्रस्ताव भेजे जा चुके हैं. बाकी पदों के लिए भी विभागों को तय समय-सीमा में प्रस्ताव भेजने होंगे.

2027 में दो बार मिलेगा परीक्षा की तैयारी का मौका

युवाओं के लिहाज से बैठक का सबसे अहम फैसला वर्ष 2027 में दो राज्य सेवा परीक्षाओं का कैलेंडर तय करना है. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नियमित पीएससी के साथ विशेष राज्य सेवा परीक्षा आयोजित करने के निर्देश दिए हैं. नियमित राज्य सेवा परीक्षा 2027 का विज्ञापन नवंबर के अंतिम सप्ताह तक जारी करने की योजना है. इसके लिए जनवरी 2027 में प्रारंभिक परीक्षा, जून में मुख्य परीक्षा और नवंबर में साक्षात्कार प्रस्तावित हैं.

वहीं, विशेष राज्य सेवा परीक्षा के लिए मार्च 2027 में विज्ञापन जारी करने, मई में प्रारंभिक परीक्षा, सितंबर में मुख्य परीक्षा और दिसंबर में साक्षात्कार आयोजित करने की योजना बनाई गई है. यानी अलग-अलग परीक्षा कार्यक्रमों के जरिए अभ्यर्थियों को राज्य सेवा में चयन का अवसर मिलेगा.

विभागों को मिली प्रस्ताव भेजने की समय-सीमा

मुख्य सचिव ने नियमित पीएससी के लिए 31 दिसंबर 2026 की स्थिति में संभावित रिक्त पदों के भर्ती प्रस्ताव 25 नवंबर तक अनिवार्य रूप से भेजने को कहा है. विशेष पीएससी के लिए वर्ष 2027 की संभावित रिक्तियों का आकलन कर 15 मार्च तक प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए गए हैं. अब विभागों की जिम्मेदारी होगी कि वे समय पर रिक्तियों की जानकारी उपलब्ध कराएं, जिससे परीक्षा कैलेंडर के अनुसार आगे की प्रक्रिया पूरी हो सके.

पदोन्नति और अनुकंपा नियुक्ति पर भी जोर

बैठक में बताया गया कि अब तक 68 हजार 437 शासकीय सेवकों को पदोन्नति दी जा चुकी है. वहीं, विभिन्न विभागों में 2,300 से अधिक अनुकंपा नियुक्ति के मामले लंबित हैं. स्कूल शिक्षा विभाग ने सबसे अधिक 904 अनुकंपा नियुक्तियां की हैं. मुख्य सचिव ने लंबित मामलों के निराकरण के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए. विभागीय जांच और पेंशन प्रकरणों को भी तय समय-सीमा में पूरा करने को कहा गया. कुल मिलाकर, मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद भर्ती प्रक्रिया को लेकर सरकार ने विभागीय स्तर पर काम तेज करने का संदेश दिया है.

ज़रूर पढ़ें