Bhopal: उत्कृष्ट सेवाओं का सम्मान, 277 पुलिस अधिकारी व कर्मचारी ‘डीजीसीआर’ से अलंकृत
उत्कृष्ट सेवाओं का सम्मान
मध्य प्रदेश पुलिस के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण और उत्कृष्ट सेवाओं को सम्मानित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को आर.सी.वी.पी. नरोन्हा प्रशासन अकादमी, भोपाल में पुलिस महानिदेशक की प्रशस्ति रोल अलंकरण समारोह आयोजित किया गया. समारोह में पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले 277 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति रोल प्रदान कर सम्मानित किया.
वर्ष 2002 में हुई थी प्रशस्ति रोल सम्मान की शुरुआत
विशेष पुलिस महानिदेशक प्रशासन आदर्श कटियार ने बताया कि पुलिस महानिदेशक की प्रशस्ति रोल सम्मान की शुरुआत वर्ष 2002 में हुई थी. यह सम्मान वर्ष में दो बार प्रदान किया जाता है. नक्सल विरोधी अभियान, विभिन्न पुलिस अभियानों, प्राकृतिक आपदा के दौरान सराहनीय कार्य, प्रशिक्षण, अनुसंधान, वाहन संचालन सहित पुलिसिंग के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को इस सम्मान से नवाजा जाता है.
अच्छे कार्य का पुरस्कार तत्काल मिलना चाहिए-DGP कैलाश मकवाणा
पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना ने कहा, वर्दीधारी सेवाओं में पुरस्कार एवं दंड की व्यवस्था का विशेष महत्व है. अच्छे कार्य का पुरस्कार उचित समय पर मिलना चाहिए, वहीं लापरवाही और अनियमितता करने वालों की जवाबदेही भी तय कर दंड दिया जाना चाहिए. अच्छे कार्यों को समय पर पहचान और प्रोत्साहन मिलने से पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ता है तथा अन्य पुलिसकर्मियों को भी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलती है.

उन्होंने पुलिस इकाइयों के प्रमुखों से कहा कि वे अपने अधीनस्थों के अच्छे कार्यों को तत्काल पहचानें, उनकी सराहना करें और पुरस्कार प्रस्ताव भेजने में अनावश्यक देरी न होने दें. पुलिस मुख्यालय में प्रस्ताव प्राप्त होने पर शीघ्र-अतिशीघ्र पुरस्कार आदेश एवं प्रशस्ति पत्र जारी किए जा रहे हैं. असाधारण कार्य के मामलों में उसी दिन भी पुरस्कार प्रदान किया जा रहा है. उन्होंने ट्रेन में गिर रही महिला की जान बचाने वाले एक पुलिसकर्मी का उदाहरण देते हुए बताया कि इस प्रकार के सराहनीय कार्य के लिए तत्काल 10 हजार रुपये का पुरस्कार आदेश एक दिवस में दिया गया.
सम्मानित पुलिसकर्मियों को दी बधाई
समारोह के अंत में पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना ने सभी सम्मानित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए उनके परिवारों के योगदान की भी सराहना की. उन्होंने कहा कि किसी भी पुलिसकर्मी की उपलब्धि के पीछे उसके परिजनों का त्याग, सहयोग और विश्वास भी महत्वपूर्ण होता है. उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों से भविष्य में भी कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ उत्कृष्ट कार्य करते रहने का आह्वान किया. समारोह में वर्ष 2024 एवं 2025 के प्रशस्ति रोल प्राप्तकर्ताओं सहित विभिन्न श्रेणियों में चयनित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया.



