36 की उम्र में दो बच्चों की मां बनीं MP पुलिस SI, तीन बार फेल होने के बाद हासिल की 25वीं रैंक
36 साल की उम्र में SI बनी मधु शर्मा
MP News: ग्वालियर की मधु शर्मा ने साबित कर दिया कि जिम्मेदारियों के बीच भी अगर लक्ष्य तय हो तो उसे हासिल किया जा सकता है. 36 साल की उम्र में दो बच्चों की मां मधु ने मध्य प्रदेश पुलिस सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा में महिला वर्ग में 25वीं रैंक हासिल की है. इससे पहले वह तीन बार परीक्षा में असफल हो चुकी थीं.
मधु ने 2016, 2017 और 2018 में एसआई भर्ती परीक्षा दी थी. तीनों बार उन्होंने प्रारंभिक और लिखित परीक्षा पास की, लेकिन फिजिकल टेस्ट में सफलता नहीं मिल सकी. इसके बावजूद उन्होंने पुलिस में जाने का सपना नहीं छोड़ा और सही मौके का इंतजार करती रहीं.
शादी के बाद दिल्ली में शुरू की नौकरी
2013 में अभय शर्मा से शादी के बाद मधु दिल्ली आ गईं. उन्होंने गुरुग्राम स्थित विप्रो में क्वालिटी मैनेजर के तौर पर नौकरी शुरू की. रोज दिल्ली से गुरुग्राम आने-जाने के साथ उन्होंने परिवार की जिम्मेदारियां भी संभालीं. इसी दौरान वह दो बच्चों की मां बनीं.
बच्चों की जिम्मेदारी के साथ जारी रखी तैयारी
मधु के बेटे कार्तिक और बेटी कास्वी का जन्म सिजेरियन ऑपरेशन से हुआ. बच्चों की परवरिश और नौकरी के बीच परीक्षा की तैयारी करना उनके लिए चुनौतीपूर्ण था, लेकिन उन्होंने अपना लक्ष्य नहीं छोड़ा. 2026 में उन्होंने दोबारा एसआई भर्ती परीक्षा दी और प्री व लिखित परीक्षा पास कर ली.
इस बार मधु ने अपनी तैयारी में सबसे ज्यादा ध्यान फिजिकल टेस्ट पर दिया. उन्होंने ग्वालियर की एक फिजिकल एकेडमी में ट्रेनिंग शुरू की. नियमित अभ्यास के साथ उन्होंने करीब 10 किलो वजन कम किया और फिजिकल टेस्ट में भी सफल रहीं. इसके बाद मेडिकल परीक्षा भी पास कर ली.
पति ने संभाली बच्चों की जिम्मेदारी
मधु की सफलता में उनके पति अभय शर्मा का भी बड़ा योगदान रहा. जब मधु पढ़ाई और ट्रेनिंग में व्यस्त रहती थीं, तब अभय बच्चों की देखभाल करते थे और घर के काम में भी सहयोग देते थे. चयन के बाद मधु ने जुलाई 2026 में विप्रो की नौकरी छोड़ दी. अब वह मध्य प्रदेश पुलिस में सब इंस्पेक्टर के तौर पर ट्रेनिंग लेंगी.
ये भी पढे़ं- एम्स भोपाल के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर बने रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल नरेंद्र कोटवाल, चिकित्सा व्यवस्था हाेगी मजबूत