Bhopal: 19 नवंबर को BJP की बड़ी बैठक, पेश होगा संगठन और सरकार के कामकाज का हिसाब, सीएम रहेंगे मौजूद

MP BJP Meeting: भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री शिवप्रकाश इस बैठक में संगठन और सरकार के प्रमुख पदाधिकारियों के साथ चर्चा करेंगे. बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर तिवारी प्रमुख रूप से मौजूद रहेंगे.
CM Mohan Yadav and BJP State President Hemant Khandelwal will participate

19 नवंबर को बीजेपी की बड़ी बैठक, सीएम मोहन यादव रहेंगे मौजूद

MP News: मध्य प्रदेश बीजेपी में संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय बनाने के साथ संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने की तैयारी तेज हो गई है. आगामी 19 नवंबर को प्रदेश भाजपा कार्यालय में पार्टी की बड़ी बैठक होने जा रही है. भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री शिवप्रकाश इस बैठक में संगठन और सरकार के प्रमुख पदाधिकारियों के साथ चर्चा करेंगे. बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर तिवारी प्रमुख रूप से मौजूद रहेंगे.

सरकार के कामकाज पर होगी चर्चा

बैठक का मुख्य एजेंडा सरकार और संगठन के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना, संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करना और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए रणनीति तैयार करना है. इसमें सरकार और संगठन के प्रमुख पदाधिकारियों के साथ प्रदेश स्तर के वरिष्ठ नेता भी शामिल होंगे. माना जा रहा है कि शिवप्रकाश सरकार के कामकाज और संगठन की गतिविधियों के बीच समन्वय की स्थिति पर भी चर्चा करेंगे.

इस बैठक में भाजपा के मोर्चा और प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों के साथ भी अलग से चर्चा की जाएगी. दरअसल, शिवप्रकाश ने प्रदेश में सभी मोर्चा और प्रकोष्ठों की कार्यकारिणी का गठन 30 नवंबर तक पूरा करने की समयसीमा तय की है. ऐसे में बैठक के दौरान अब तक हुई प्रगति का हिसाब लिया जाएगा. जिन मोर्चा-प्रकोष्ठों में कार्यकारिणी गठन की प्रक्रिया अधूरी है, उन्हें समयसीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए जा सकते हैं.

चुनावी रणनीति तक मंथन

बैठक में बूथ स्तर पर संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और पार्टी के कार्यक्रमों को जमीन पर प्रभावी ढंग से लागू करने को लेकर भी चर्चा होगी. इसके अलावा आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठन की तैयारियों और राजनीतिक रणनीति पर मंथन किया जाएगा. भाजपा के लिए सरकार और संगठन के बीच तालमेल हमेशा महत्वपूर्ण मुद्दा रहा है. सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने में संगठन की भूमिका तथा कार्यकर्ताओं की भागीदारी बढ़ाने पर भी चर्चा हो सकती है.

19 नवंबर की यह बैठक मध्य प्रदेश भाजपा के लिए संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है. राष्ट्रीय संगठन महामंत्री शिवप्रकाश एक तरफ सरकार और संगठन के बीच समन्वय की स्थिति पर चर्चा करेंगे, वहीं दूसरी तरफ मोर्चा-प्रकोष्ठों की लंबित कार्यकारिणियों और संगठन की जमीनी मजबूती को लेकर जवाबदेही भी तय करेंगे.

📺 Vistaar News Live TV

ज़रूर पढ़ें