Bhopal: कोलार में सीलिंग के विरोध में पूरा बाजार बंद, व्यापारियों ने निकाली सांकेतिक अर्थी
प्रदर्शन की तस्वीर
Bhopal News: भोपाल के कोलार इलाके में नगर निगम की सीलिंग कार्रवाई के खिलाफ व्यापारियों का विरोध बुधवार को और तेज हो गया. कोलार व्यापारी महासंघ के आह्वान पर पूरा बाजार बंद रहा. कोलार तिराहे से गोल जोड़ तक दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के शटर नहीं खुले, जिससे पूरा इलाका सुनसान नजर आया.
बड़े शॉपिंग मॉल भी रहे बंद
बंद का असर छोटे-बड़े दुकानदारों के साथ बड़े शॉपिंग मॉल पर भी दिखाई दिया. डी-मार्ट, वी-मार्ट और विशाल मेगामार्ट जैसे प्रमुख प्रतिष्ठान बंद रहे. मंदाकिनी और डी-मार्ट चौराहे की शराब दुकानें भी नहीं खुलीं. हालांकि आम लोगों की जरूरत को देखते हुए पेट्रोल पंप और मेडिकल स्टोर को बंद से बाहर रखा गया.
अर्थी यात्रा निकालकर जताया विरोध
नगर निगम की कार्रवाई के खिलाफ व्यापारियों ने अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया. व्यापारियों ने सांकेतिक अर्थी यात्रा निकाली और कुछ लोगों ने अपना मुंडन भी कराया. हाथों में मटकी लेकर व्यापारी अर्थी के साथ आगे बढ़े. डी-मार्ट चौराहे के पास पहुंचने के बाद सांकेतिक रूप से अर्थी का अंतिम संस्कार किया गया.
करणी सेना ने भी दिया समर्थन
व्यापारियों के आंदोलन को करणी सेना परिवार का समर्थन भी मिला. संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष चेतन सिंह राजपूत सहित अन्य पदाधिकारियों ने व्यापारियों के बीच पहुंचकर बाजार बंद रखने की अपील की. उनका कहना है कि सीलिंग कार्रवाई से बड़ी संख्या में लोगों की रोजी-रोटी प्रभावित हो रही है और लाखों लोगों की आजीविका पर संकट खड़ा हो सकता है.
170 से ज्यादा प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई
नगर निगम की टीम लगातार तीसरे दिन भी सीलिंग की कार्रवाई में जुटी रही. अब तक शहर में करीब 170 प्रतिष्ठानों को बंद कराया जा चुका है. इससे पहले मंगलवार को व्यापारियों ने रोशनपुरा चौराहे पर करीब चार घंटे तक प्रदर्शन कर अपना विरोध दर्ज कराया था.
कार्रवाई से व्यापारियों में नाराजगी
कोलार व्यापारी महासंघ के अध्यक्ष सुनील सिंह और स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि स्पष्ट और व्यावहारिक नीति के बिना अचानक की जा रही सीलिंग से व्यापारियों के सामने आर्थिक संकट पैदा हो गया है. बाजार बंद रहने से आम लोगों को भी रोजमर्रा की जरूरत का सामान खरीदने में परेशानी का सामना करना पड़ा.
बातचीत के जरिए समाधान की मांग
व्यापारियों ने जिला प्रशासन से सीलिंग कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है. उनका कहना है कि प्रशासन को व्यापारियों के साथ बैठकर ऐसा व्यावहारिक रास्ता निकालना चाहिए, जिसमें नियमों का पालन भी हो और दुकानदारों की रोजी-रोटी पर संकट भी न आए.
ये भी पढे़ं- Bhopal: बीजेपी दफ्तर के पास कांग्रेस का प्रदर्शन, BJP-RSS का पुतला दहन किया, खड़गे के अपमान पर जताया विरोध