MP Weather: एमपी में मेहरबान हुआ मानसून! IMD ने 5 जिलों में जारी किया अलर्ट, जानें मौसम का हाल
मौसम
MP Weather Update: मध्य प्रदेश में मानसून एक बार फिर रफ्तार पकड़ने वाला है. मौसम विभाग ने बुधवार को बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा, नर्मदापुरम और रायसेन में अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. इन जिलों में अगले 24 घंटे के दौरान चार इंच तक बारिश होने की संभावना जताई गई है. इसके अलावा देवास, सीहोर, हरदा, बैतूल, पांढुर्णा, सागर, नरसिंहपुर, दमोह, जबलपुर और छतरपुर में भी भारी बारिश का अनुमान है.
सक्रिय सिस्टम से बढ़ेगी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के ऊपर से गुजर रही मानसून ट्रफ और सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण के कारण बारिश का दौर तेज होने जा रहा है. पश्चिमी हिस्से में मौजूद एक अन्य चक्रवाती सिस्टम भी मौसम को प्रभावित कर रहा है. ओडिशा, दक्षिण झारखंड और उत्तर छत्तीसगढ़ से आगे बढ़ रहा यह सिस्टम मध्य प्रदेश के पूर्वी और मध्य क्षेत्रों में अच्छी बारिश कराएगा. बाद में इसके कमजोर होकर अवदाब और फिर निम्न दबाव क्षेत्र में बदलने की संभावना है.
इन जिलों में भी बरसेंगे बादल
बुधवार को राजधानी भोपाल सहित राजगढ़, विदिशा, इंदौर, झाबुआ, अलीराजपुर, धार, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, उज्जैन, नीमच, मंदसौर, रतलाम, आगर-मालवा, शाजापुर, ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, कटनी, मंडला, डिंडौरी, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, पन्ना, टीकमगढ़ और निवाड़ी में भी कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश होने के आसार हैं.
बारिश की कमी हो सकती है पूरी
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, अब तक प्रदेश में औसतन 345.9 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि इस समय तक 418.4 मिमी बारिश हो जानी चाहिए थी. यानी सामान्य से करीब 17 प्रतिशत कम वर्षा हुई है. पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में भी बारिश का आंकड़ा सामान्य से कम बना हुआ है. हालांकि मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि अगले कुछ दिनों तक सक्रिय रहने वाले सिस्टम की वजह से बारिश की कमी काफी हद तक पूरी हो सकती है.
ये भी पढे़ं- MP Weather: एमपी में मानसून ने पकड़ा जोर, IMD ने कई जिलों में जारी किया भारी बारिश का अलर्ट, जानें मौसम का अपडेट