पहले मांगी लिफ्ट, फिर कमरे में ले जाकर बनाया बंधक… भोपाल में चाकू की नोक पर पत्रकार से 32 हजार की लूट
पत्रकार अनुज मीणा
Bhopal News: मध्य प्रदेश की राजधानी से एक बड़ा ही हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. शहर के निशातपुरा थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात अपने घर लौट रहे एक पत्रकार को बदमाशों ने चाकू की नोक पर कथित रूप से बंधक बना लिया. बदमाशों ने पत्रकार को एक कमरे में बंद कर दिया और परिचितों को फोन लगवाकर ऑनलाइन पैसे मंगवाए और करीब 32 हजार रुपये अपने खातों में ट्रांसफर करवा लिए. इस पूरी घटना पर पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के मुताबिक, पूरी घटना सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात करीब 12:30 बजे घटी है, जब पत्रकार अनुज मीणा अपना पूरा काम खत्म करके बाइक से घर लौट रहे थे. उसी समय निशातपुरा क्षेत्र में एक युवक ने उनसे लिफ्ट मांगी. घटना पर अनुज मीणा ने बताया कि अनुज ने युवक को लिफ्ट देने से इनकार कर दिया. इसके बाद एक युवक अचानक उनकी बाइक के सामने आ गया, जिससे वाहन अनियंत्रित हो गया और वे गिर गए.
पीड़ित पत्रकार ने बताई आपबीती
मामले में पीड़ित अनुज का आरोप है कि बाइक जैसे ही गिरी मौके पर पहले से मौजूद तीन अन्य युवक भी पास आ गए. बदमाशों ने उनकी गर्दन पर चाकू अड़ा दिया और उनको जबरन एक पास में बने कमरे में ले गए. कमरे में ले जाकर आरोपियों ने उनसे नकदी की मांग की. अनुज के पास पर्याप्त राशि नहीं होने पर उन्होंने जान से मारने की धमकी देते हुए अपने परिचितों से ऑनलाइन पैसे मंगवाने का दबाव बनाया.
अनुज के अनुसार, आरोपियों ने अलग-अलग माध्यमों से कुल 32 हजार रुपये अपने खातों में ट्रांसफर करवाए. घटना के बाद आरोपियों ने करीब रात 3 बजे उन्हें छोड़ा.
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
मामले में निशातपुरा थाना प्रभारी मनोज पटवा ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई. घटना पर फिलहाल प्रकरण दर्ज करने की प्रक्रिया को पूरा नहीं किया गया है. मामले में पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, जिससे आरोपियों की पहचान हो सके और उन्हें गिरफ्तार किया जा सके.
ये भी पढे़ं- भोपाल में किराए की कारों के नाम पर फर्जीवाड़ा, रेंट पर लेकर बेच दिया; साढ़े 3 करोड़ की 26 गाड़ियां बरामद