मध्य प्रदेश पुलिस मुख्यालय में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 8 आईपीएस अधिकारियों की बदली जिम्मेदारी
पुलिस मुख्यालय भोपाल
MP News: मध्य प्रदेश पुलिस मुख्यालय (पीएचक्यू) भोपाल में पदस्थ भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के आठ अधिकारियों के कार्यभार में बदलाव किया गया है. पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर उप पुलिस महानिरीक्षक (प्रशासन) ने 4 नवंबर 2026 को इस संबंध में आदेश जारी किया. आदेश के तहत वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से आगामी आदेश तक नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं.
डीआईजी स्तर के अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी
जारी आदेश के अनुसार, 2009 बैच के आईपीएस अधिकारी अवधेश कुमार गोस्वामी को उप पुलिस महानिरीक्षक (कल्याण एवं लेखा) के पद से हटाकर डीजीपी के पीएसओ और नारकोटिक्स का प्रभार दिया गया है. इसी बैच के आईपीएस अधिकारी संतोष सिंह गौर, जो डीआईजी अजाक के पद पर कार्यरत थे, उन्हें डीआईजी पीटीआरआई नियुक्त किया गया है. वहीं, डीआईजी पीटीआरआई की जिम्मेदारी संभाल रहे तुषार कांत विद्यार्थी को डीआईजी विसबल मुख्यालय भोपाल का नया प्रभार सौंपा गया है.

विनीत कपूर को सायबर, रघुवंश कुमार सिंह को कल्याण एवं लेखा का प्रभार
2010 बैच के आईपीएस अधिकारी विनीत कपूर को डीआईजी सायबर, पुलिस मुख्यालय भोपाल के साथ सामुदायिक पुलिसिंग की जिम्मेदारी दी गई है. इससे पहले वह डीजीपी के पीएसओ और सामुदायिक पुलिसिंग का काम देख रहे थे. वहीं, 2012 बैच के आईपीएस अधिकारी रघुवंश कुमार सिंह को डीआईजी कल्याण एवं लेखा, पुलिस मुख्यालय भोपाल के पद पर पदस्थ किया गया है.
एआईजी स्तर पर भी बदले गए कार्यभार
प्रशासनिक फेरबदल के तहत सहायक पुलिस महानिरीक्षक (एआईजी) स्तर पर भी नई तैनातियां की गई हैं. 2014 बैच के आईपीएस अधिकारी साई कृष्ण थोटा को एआईजी सायबर, पुलिस मुख्यालय भोपाल बनाया गया है. वहीं, 2017 बैच के आईपीएस अधिकारी पुनीत गहलोद को एआईजी प्रशासन की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
शशांक को विशेष शाखा की जिम्मेदारी
2019 बैच के आईपीएस अधिकारी शशांक को एआईजी (जी), विशेष शाखा (स्पेशल ब्रांच), पुलिस मुख्यालय भोपाल में पदस्थ किया गया है. इस फेरबदल के तहत पुलिस मुख्यालय में नारकोटिक्स, सायबर, प्रशासन, कल्याण एवं लेखा सहित विभिन्न महत्वपूर्ण शाखाओं की जिम्मेदारियों का पुनर्वितरण किया गया है.



