सागर के पूर्व एसपी अनुराग सुजानिया ने की इस्तीफे की पेशकश, शराब कांड के बाद हटाए गए थे IPS अफसर
एसपी अनुराग सुजानिया
SP Anurag Sujania resigned: मध्य प्रदेश के सागर जिले के SP रहे अनुराग सुजानिया ने अपने पद से इस्तीफे की पेशकश की है. 4 दिन पहले ही सरकार ने उनका ट्रांसफर सागर से भोपाल किया था. सागर शराब कांड को लेकर उनपर कई सवाल उठे थे. हालांकि उन्होंने अपने इस्तीफे के पीछे की वजह व्यक्तिगत कारण बताए हैं.
हालांकि अब तक यह तय नहीं हो पाया कि उनका इस्तीफा स्वीकार किया गया है या नहीं. इसके साथ ही प्रशासन की तरफ से भी अब तक सुजानिया के इस्तीफे को लेकर कोई बयान सामने नहीं आया है.
शराब कांड के बाद एसपी पद से हटाया था
अनुराग सुजानिया सागर में पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात थे. उनके कार्यकाल के दौरान जिले में जहरीली शराब कांड सामने आया था. इस घटना के लगभग दो महीने बाद राज्य सरकार ने उन्हें सागर एसपी के पद से हटा दिया था. उनकी जगह नए पुलिस अधीक्षक की नियुक्ति की गई थी. इस घटनाक्रम के बाद से ही पुलिस महकमे में उनकी भूमिका और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समन्वय को लेकर चर्चाएं होती रही हैं.
सूत्रों के अनुसार, इस्तीफे के घटनाक्रम के बीच वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की भूमिका और विभागीय स्तर पर हुई कार्रवाई को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं. बताया जा रहा है कि इस मामले में अनुराग सुजानिया ने उच्च स्तर पर अपनी बात रखी थी. हालांकि, इन चर्चाओं की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.
मुख्यमंत्री शाम में पहुंचेंगे पुलिस मुख्यालय
इसी बीच मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज शाम छह बजे पुलिस मुख्यालय पहुंचेंगे. यहां वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक प्रस्तावित है. बैठक में पुलिस विभाग के कामकाज और कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हो सकती है. सभी संबंधित अधिकारियों को पुलिस मुख्यालय में उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं.
अनुराग सुजानिया के इस्तीफे की खबर और मुख्यमंत्री की पुलिस मुख्यालय में होने वाली बैठक को जोड़कर देखा जा रहा है. पुलिस मुख्यालय के अधिकारियों ने इस बारे में कंफर्मेशन दी है. उनका कहना है कि इस्तीफा देने की जानकारी सही है. हालांकि स्वीकार अभी तक पुलिस मुख्यालय या पुलिस विभाग के मुखिया ने किया नहीं है.
ये भी पढे़ं- देवास TI मर्डर केस में पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, पकड़ा गया ट्रक का क्लीनर, ड्राइवर पर 10000 का इनाम